पासपोर्ट विवाद: सुरजेवाला को समन

नई दिल्ली. असम में कथित पासपोर्ट विवाद को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। इसी बीच कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद Randeep Singh Surjewala को असम पुलिस की क्राइम ब्रांच ने समन जारी किया है। उन्हें 23 मई को गुवाहाटी स्थित क्राइम ब्रांच थाने में पेश होने के लिए कहा गया है।
यह मामला Himanta Biswa Sarma की पत्नी रिनिकी भुयान सरमा से जुड़े कथित पासपोर्ट विवाद से संबंधित बताया जा रहा है। हालांकि पुलिस ने अब तक जांच के सभी पहलुओं का सार्वजनिक खुलासा नहीं किया है, लेकिन मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है।
दरअसल, असम विधानसभा चुनाव से पहले नई दिल्ली में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कांग्रेस नेता Pawan Khera ने आरोप लगाया था कि मुख्यमंत्री सरमा की पत्नी के पास यूएई, एंटीगुआ और मिस्र सहित तीन देशों के पासपोर्ट हैं। इसके अलावा उन्होंने दावा किया था कि दुबई में संपत्तियों समेत कुछ विदेशी परिसंपत्तियों का आधिकारिक दस्तावेजों में खुलासा नहीं किया गया।
पवन खेड़ा ने यह भी आरोप लगाया था कि अमेरिका के व्योमिंग में रजिस्टर्ड एक कंपनी का संबंध सरमा परिवार से है और उसमें भारी वित्तीय लेन-देन हुए हैं। कांग्रेस ने इस पूरे मामले की जांच के लिए केंद्रीय गृह मंत्रालय से एसआईटी गठित करने की मांग की थी।
इन आरोपों के बाद गुवाहाटी क्राइम ब्रांच थाने में एफआईआर दर्ज की गई। एफआईआर में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत चुनाव से जुड़े कथित भ्रामक बयान, धोखाधड़ी, जालसाजी, मानहानि और शांति भंग करने जैसे आरोप शामिल किए गए हैं।





