MP : खिमला पावर प्लांट में दर्दनाक हादसा,  एलएनटी के सुपरवाइजर की मौत, भारी हंगामा

नीमच। रामपुरा क्षेत्र स्थित खिमला पावर प्लांट में एक दर्दनाक हादसे में एलएनटी कंपनी के सुपरवाइजर की मौत हो गई। मृतक की पहचान एहसान उल हक (25 वर्ष), निवासी पश्चिम बंगाल के रूप में हुई है, जो प्लांट में सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत था।
बताया जा रहा है कि शुक्रवार देर शाम वह प्लांट की करीब 6 मंजिला ऊंची दीवार पर प्लेट ठीक करने के लिए चढ़ा था। इसी दौरान वहां सुरक्षा के लिए सेफ्टी जाली नहीं होने के कारण उसका संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे गिर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद शनिवार सुबह कंपनी के कर्मचारियों में आक्रोश फैल गया। मजदूरों ने काम बंद कर दिया और प्लांट परिसर में जमकर हंगामा किया। इस दौरान तोड़फोड़ की घटना भी सामने आई। कर्मचारी मुआवजा, बेहतर सुरक्षा व्यवस्था और सिक्योरिटी बढ़ाने की मांग को लेकर अड़े रहे।
सूचना मिलते ही रामपुरा पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और मजदूरों को समझाइश देकर स्थिति को नियंत्रित किया। अधिकारियों द्वारा उचित कार्रवाई और मांगों पर विचार का आश्वासन दिए जाने के बाद मामला शांत हुआ।
पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है। वहीं मृतक के शव का रामपुरा अस्पताल में पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है और उसे उसके गृह राज्य पश्चिम बंगाल भेजा गया है।

Sanjay Saxena

BSc. बायोलॉजी और समाजशास्त्र से एमए, 1985 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय , मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के दैनिक अखबारों में रिपोर्टर और संपादक के रूप में कार्य कर रहे हैं। आरटीआई, पर्यावरण, आर्थिक सामाजिक, स्वास्थ्य, योग, जैसे विषयों पर लेखन। राजनीतिक समाचार और राजनीतिक विश्लेषण , समीक्षा, चुनाव विश्लेषण, पॉलिटिकल कंसल्टेंसी में विशेषज्ञता। समाज सेवा में रुचि। लोकहित की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना और उस जानकारी को समाचार के रूप प्रस्तुत करना। वर्तमान में डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े। राजनीतिक सूचनाओं में रुचि और संदर्भ रखने के सतत प्रयास।

Related Articles