MP : रतलाम के सैलाना में 20 हजार की रिश्वत लेते हुए पटवारी को लोकायुक्त की टीम ने पकड़ा

रतलाम। लोकायुक्त उज्जैन ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सैलाना तहसील में पदस्थ एक पटवारी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों ट्रैप किया है। आरोपी पटवारी कैलाश वडख्या से 20 हजार रुपये की रिश्वत राशि बरामद की गई है।
लोकायुक्त से प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम अडवानिया तहसील सैलाना निवासी आवेदक जितेंद्र पाटीदार पुत्र ईश्वरलाल पाटीदार ने 10 अप्रैल को लोकायुक्त कार्यालय उज्जैन में उपस्थित होकर एसपी आनन्द कुमार यादव को शिकायत आवेदन प्रस्तुत किया था।
पटवारी ने सीमांकन के बदले मांगे रुपये
आवेदन में बताया गया कि उसके पिता के नाम पर सैलाना एवं बागरियों की खेड़ी में करीब 5 हेक्टेयर कृषि भूमि है, जिसका सीमांकन कराने के लिए 22 जनवरी को लोकसेवा केंद्र के माध्यम से आवेदन किया गया था।
इसके बाद भी सीमांकन नहीं होने पर 9 मार्च को तहसील कार्यालय पहुंचकर संबंधित हल्का पटवारी कैलाश वडख्या से संपर्क किया गया। आरोप है कि पटवारी कैलाश ने सीमांकन करने के बदले रिश्वत की मांग की। 9 अप्रैल को पटवारी आवेदक के घर पहुंचा और सीमांकन के लिए 30 हजार रुपये की मांग की।
शिकायत की लोकायुक्त द्वारा तस्दीक करने पर रिश्वत मांग की पुष्टि हुई। इस दौरान आवेदक के निवेदन पर आरोपित ने 7 हजार रुपये कम कर दिए और 10 अप्रैल को 3 हजार रुपये ले लिए थे। शेष 20 हजार रुपये लेने के लिए सहमति बनी। इसी क्रम में 16 अप्रैल को लोकायुक्त टीम ने सैलाना तहसील कार्यालय के नायब नाजिर कक्ष में जाल बिछाकर कार्रवाई की।
जैसे ही आरोपी पटवारी कैलाश वडख्या ने आवेदक से 20 हजार रुपये की रिश्वत ली, टीम ने उसे रंगे हाथों पकड़ लिया। कार्रवाई में निरीक्षक राजेंद्र वर्मा, प्रधान आरक्षक हितेश ललावत, आरक्षक विशाल रेशमिया, उमेश एवं श्याम शर्मा शामिल रहे। लोकायुक्त अधिकारियों ने बताया कि आरोपित के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।





