MP: गेहूं खरीदी में देरी पर कांग्रेस का प्रदर्शन, जीतू पटवारी बोले- सरकार ने रणनीतिक तरीके से घोटाला किया

भोपाल। एमपी में आज से चार संभागों में गेहूं खरीदी शुरू हो गई है। इस बार गेहूं खरीदी देरी से शुरू होने के पीछे सरकार इजराइल-ईरान युद्ध का हवाला दे रही है। ऐसे में गेंहू खरीदी में देरी को कांग्रेस ने प्रदेशभर में प्रदर्शन किया।
खंडवा में कांग्रेस में प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने बैरिकेडिंग तोड़कर कलेक्ट्रेट पहुंचकर जमकर नारेबाजी की। करीब 5 हजार से ज्यादा कांग्रेसी प्रदर्शन में शामिल हुए है। रतलाम में जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में कृषि उपज मंडी में धरना दिया गया, जिसमें बड़ी संख्या में किसान भी शामिल हैं। भोपाल-श्योपुर में भी कांग्रेस ने नारेबाजी की।
इधर, पीसीसी चीफ जीतू पटवारी ने आरोप लगाया कि सरकार ने रणनीतिक तरीके से घोटाला किया है। बारदाने की कमी का बहाना बनाकर गेहूं खरीदी नहीं की गई। यह किसानों को धोखा देने की कोशिश है।
जीतू पटवारी बोले- 25% गेहूं ओपन मार्केट में बिक चुका
भोपाल से छतरपुर रवाना होने से पहले पीसीसी चीफ जीतू पटवारी ने कहा कि तथ्यों से साबित हो गया है कि भाजपा, शिवराज सिंह चौहान, नरेंद्र मोदी और मोहन यादव किसान विरोधी हैं। लगभग 10 लाख क्विंटल गेहूं ओपन मार्केट में बिक चुका है। करीब 25% गेहूं 1600 से 2000 रुपए प्रति क्विंटल के भाव में बेचा गया है।
पटवारी ने कहा कि मुख्यमंत्री मोहन यादव ने 2700 रुपए प्रति क्विंटल गेहूं, 3100 रुपए धान और 6000 रुपए सोयाबीन का वादा किया था, लेकिन उसे पूरा नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि किसान कल्याण वर्ष होने के बावजूद मध्य प्रदेश में किसानों का शोषण हो रहा है।
उन्होंने बताया कि आज पूरे प्रदेश में कांग्रेस पार्टी जिला कलेक्टर कार्यालयों का घेराव कर रही है। दो दिन बाद प्रदेशभर में किसानों के साथ उपवास किया जाएगा। साथ ही उज्जैन में किसानों को लेकर मुख्यमंत्री मोहन यादव के खिलाफ आंदोलन किया जाएगा।
सागर में मंडी बंद, पटवारी ने कलेक्टर को लगाया फोन
सागर मंडी बंद होने पर जीतू पटवारी ने वहीं से सागर कलेक्टर को फोन लगाया और कहा- “नमस्कार कलेक्टर साहब, जीतू पटवारी बोल रहा हूं। सागर की मंडी तीन-चार दिन से बंद है, गर्मी में किसान पड़े हुए हैं, आपके संज्ञान में नहीं है? सागर की अनाज मंडी, जिसमें सब कुछ बिकता है, वह चार दिन से बंद है। आप कलेक्टर हैं, आपको इतना तो ध्यान रखना चाहिए कि इस गर्मी में किसान चार-पांच दिन से परेशान हो रहे हैं।
रायसेन में गेहूं खरीदी को लेकर व्यवस्थाएं अधूरी
रायसेन जिले में भी 9 तारीख से सरकारी केंद्रों पर गेहूं खरीदी शुरू की जानी थी, लेकिन कई खरीदी केंद्रों पर अब तक मूलभूत तैयारियां पूरी नहीं हो सकी हैं।
सागर रोड स्थित बम्होरी के सरकारी खरीदी केंद्र पर न तो पर्याप्त बारदाना पहुंचा और न ही किसानों के लिए छाया की व्यवस्था की गई थी। हालांकि कुछ जगहों पर तौल कांटे रखे हुए नजर आए, लेकिन खरीदी शुरू करने के लिए जरूरी संसाधन नदारद रहे।





