PM मोदी के संबोधन से ऐन पहले वसुंधरा राजे के पत्र ने मचाई खलबली,  दावा -पत्र फर्जी है…

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राष्ट्र के नाम संबोधन से ठीक पहले पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के नाम से एक कथित पत्र सोशल मीडिया पर जंगल की आग की तरह फैल गया। इस पत्र में राजे को संघ प्रमुख मोहन भागवत को अपनी ही भाजपा पार्टी की नीतियों, खासकर महिला आरक्षण और परिसीमन के मुद्दे पर घेरते हुए दिखाया गया था। हालांकि, राजे ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इसे विरोधियों की घटिया साजिश करार दिया है।

वायरल हो रहे पत्र में यह दावा किया गया था कि वसुंधरा राजे ने संघ प्रमुख मोहन भागवत को पत्र लिखकर अपनी ही पार्टी की मंशा पर सवाल उठाए हैं। पत्र में लिखा गया था कि “पार्टी अपनी दिशा से भटक रही है और महिला आरक्षण व परिसीमन की आड़ में SC, ST और OBC वर्गों के खिलाफ गंभीर राजनीतिक षड्यंत्र रचा जा रहा है।” इस पत्र के सार्वजनिक होते ही राजनीतिक गलियारों में कयासबाजी शुरू हो गई कि क्या राजे बगावत के मूड में हैं?

वसुंधरा राजे का कड़ा पलटवार: ‘नारी शक्ति न रुकी है, न रुकेगी’
मामले की गंभीरता को देखते हुए वसुंधरा राजे ने खुद मोर्चा संभाला। उन्होंने सोशल मीडिया पर स्पष्ट किया कि वायरल पत्र पूरी तरह फर्जी और भ्रामक है। राजे ने तीखे लहजे में कहा, “साँच को आँच की ज़रूरत नहीं है। यह वायरल पत्र शुभचिंतकों की कारगुज़ारी मात्र है। प्रधानमंत्री मोदी जी के नेतृत्व में महिलाओं को निर्णय प्रक्रिया में भागीदारी देने के प्रयास का देश की हर महिला स्वागत कर रही है।”
राजे ने आगे कहा कि महिला आरक्षण का विरोध करने वाले लोग चौथी बार भी विपक्ष में बैठने की तैयारी कर चुके हैं। उन्होंने संदेश दिया कि ऐसे लोग चाहे जितना भ्रम फैलाएं, देश की नारी शक्ति रुकने वाली नहीं है।

डूबती साख बचाने के लिए कांग्रेस का प्रोपेगेंडा : भाजपा
इधर, भाजपा राजस्थान ने भी इस मामले पर आधिकारिक बयान जारी कर कांग्रेस को आड़े हाथों लिया। भाजपा ने कहा कि कांग्रेस की राजनीति अब केवल झूठ पर टिकी है।
FIR दर्ज: भाजपा ने बताया कि हाल ही में कांग्रेस के एक नेता ने एक प्रतिष्ठित मीडिया चैनल का नाम लेकर यह फर्जी पत्र फैलाया था। उस मीडिया चैनल ने अब इस ‘फेक न्यूज़ पैडलर’ के खिलाफ एफआईआर (FIR) दर्ज करवा दी है।
भाजपा का आरोप: भाजपा के अनुसार, मजबूत नेतृत्व से घबराई कांग्रेस अब मनगढ़ंत कहानियों का सहारा ले रही है, लेकिन जनता सच जान चुकी है।

screenshot 20260419 1947075927338989532706230
screenshot 20260419 1946523375908527948568052

Sanjay Saxena

BSc. बायोलॉजी और समाजशास्त्र से एमए, 1985 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय , मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के दैनिक अखबारों में रिपोर्टर और संपादक के रूप में कार्य कर रहे हैं। आरटीआई, पर्यावरण, आर्थिक सामाजिक, स्वास्थ्य, योग, जैसे विषयों पर लेखन। राजनीतिक समाचार और राजनीतिक विश्लेषण , समीक्षा, चुनाव विश्लेषण, पॉलिटिकल कंसल्टेंसी में विशेषज्ञता। समाज सेवा में रुचि। लोकहित की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना और उस जानकारी को समाचार के रूप प्रस्तुत करना। वर्तमान में डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े। राजनीतिक सूचनाओं में रुचि और संदर्भ रखने के सतत प्रयास।

Related Articles