इंडिया AI Summit: चीनी रोबोट दिखाने पर गलगोटिया यूनिवर्सिटी पर सरकार का एक्शन, बाहर किया

नई दिल्ली। इंडिया एआई समिट में चीनी रोबोट दिखाने पर गलगोटिया यूनिवर्सिटी के खिलाफ बड़ा एक्शन हुआ है. गलगोटिया यूनिवर्सिटी को अब समिट से बाहर का रास्ता दिखा दिया गया है. जी हां, सरकार ने गलगोटिया यूनिवर्सिटी को तुरंत इंडिया AI समिट एक्स्पो को खाली करने का निर्देश दिया है. सरकारी सूत्रों ने कहा कि दिल्ली में चल रहे इंडिया एआई समिट के दौरान चीन में बने रोबोटिक डॉग की प्रदर्शनी को लेकर विवाद के बीच गलगोटिया यूनिवर्सिटी को तुरंत एक्सपो स्थल खाली करने के लिए कहा गया है.
दरअसल, गलगोटिया यूनिवर्सिटी को तब आलोचना का सामना करना पड़ा, जब रिपोर्ट्स में कहा गया कि यूनिट्री गो2 रोबोटिक डॉग को ‘ओरियन’ नाम से प्रदर्शित किया गया. गलगोटिया यूनिवर्सिटी पर यह आरोप लगे कि उसने चीन से आयातित तकनीक को स्वदेशी बताकर एआई समिट में पेश किया. चीनी रोबोट दिखाने पर ही सोशल मीडिया पर उसके पहले खूब आलोचना हुई. इसके बाद सरकार ने एक्शन लिया है.
इंडिया एआई इंपेक्ट समिट 2026 के दौरान रोबोटिक डॉग को लेकर उठे विवाद के बीच गलगोटिया यूनिवर्सिटी ने सफाई जारी की. यूनिवर्सिटी ने कहा है कि उसने इस रोबोडॉग को नहीं बनाया है न ही ऐसा कोई दावा किया है. यह डिवाइस शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए चीन की वैश्विक रोबोटिक्स कंपनी Unitree से खरीदा गया है.
समिट में गलगोटिया यूनिवर्सिटी ने एक रोबोटिक डॉग दिखाया था. इसे लेकर सोशल मीडिया पर विवाद खड़ा हो गया. कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि यूनिवर्सिटी ने ओरियन नाम से एक रोबोटिक डॉग पेश किया, जो वास्तव में यूनिट्री का ‘Go2’ मॉडल है. यह एआई संचालित डिवाइस चीनी ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म्स पर करीब 2 से 3 लाख रुपये की कीमत में उपलब्ध है. इसके बाद कई सोशल मीडिया यूजर्स ने आरोप लगाया कि आयातित तकनीक को स्वदेशी इनोवेशन के रूप में पेश किया गया.
इस विवाद के बाद सोशल मीडिया पर भी यूनिवर्सिटी की आलोचना हुई और कई यूजर्स ने संस्थान पर एआई से लैस रोबोटिक डॉग की असली उत्पत्ति छुपाने का आरोप लगाया. आलोचनाओं का जवाब देते हुए गलगोटियास यूनिवर्सिटी ने कहा कि वह छात्रों को नई-नई तकनीकों से रूबरू कराने के लिए ग्लोबल टेक्नोलॉजीज कैंपस में लाती है और उसका फोकस लंबे समय में स्वदेशी क्षमताओं को बढ़ाने पर है.
सरकारी सूत्रों ने संकेत दिया कि इस पूरे मामले के बाद गलगोटिया यूनिवर्सिटी को अब एआई समिट एक्सपो स्थल खाली करने का निर्देश दिया गया है. एआई इम्पैक्ट समिट, जिसमें नीति निर्माता, इंडस्ट्री लीडर्स और इनोवेटर्स शामिल हैं, भारत मंडपम में कड़ी निगरानी के बीच जारी है.





