Datia: महिला एवं बाल विकास विभाग में जमकर हुआ हंगामा, डीपीओ ने पकड़ी अपनी कॉलर, वीडियो वायरल

दतिया। दतिया से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां महिला एवं बाल विकास विभाग में सोमवार को सूचना के अधिकार ( RTI) के तहत जानकारी मांगने पहुंचे एक अधिवक्ता और जिला कार्यक्रम अधिकारी (DPO) के बीच विवाद हो गया. बहस के दौरान DPO अरविंद उपाध्याय ने अपना कॉलर अधिवक्ता शंभू गोस्वामी के हाथ में पकड़ा दिया. इस पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दोनों के बीच तीखी नोकझोंक होती दिखाई दे रही है.
अधिवक्ता शंभू गोस्वामी ने महिला एवं बाल विकास विभाग से आरटीआई के तहत जानकारी मांगी थी। विभाग की ओर से जवाब दिया गया कि मांगी गई जानकारी करीब 83 हजार पन्नों में है, जिसकी कॉपी शुल्क के रूप में 1.66 लाख रुपए जमा करने होंगे। बताया गया कि अधिवक्ता यह राशि नकद लेकर विभाग पहुंच गए। जिला कार्यक्रम अधिकारी अरविंद उपाध्याय ने यह राशि नकद जमा करने से इन्कार कर दिया। इसे लेकर दोनों के बीच बहस होने लगी। मामला बढ़ने पर जिला कार्यक्रम अधिकारी ने गुस्से में अपना कॉलर आगे कर दिया और कहा पकड़ो मेरा कॉलर थप्पड़ मारो। इस दौरान कार्यालय में मौजूद लोगों ने बीच बचाव भी किया। इस घटनाक्रम का वीडियो भी वायरल हुआ है। यह पूरा मामला दतिया में सुर्खियों में बना हुआ है।
नकद राशि जमा करने की बात पर शुरू हुई बहस
यह घटना सोमवार (11 मई) की है. यहां अधिवक्ता शंभू गोस्वामी 1.66 लाख रुपए नकद लेकर सीधे DPO कार्यालय पहुंचे. उन्होंने कर्मचारियों से राशि जमा कर जानकारी उपलब्ध कराने को कहा. जब कर्मचारियों ने नकद राशि लेने से इनकार कर दिया और DPO ने दस्तावेजों का अवलोकन कराने से मना किया, तो दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हो गई. इसी दौरान DPO ने अधिवक्ता को अपना कोलर पकड़ने को कहा और चिल्लाते हुे कैबिन में चले गए.
डीपीओ ने पकड़ाया कॉलर, वकील ने लगाए आरोप
वायरल वीडियो में डीपीओ अरविंद उपाध्याय कुर्सी से उठकर अधिवक्ता के सामने आते हैं और अपना कॉलर आगे करते हुए उसे पकड़ने के लिए कहते हुए दिखाई दे रहे हैं. वहीं, दूसरी ओर अधिवक्ता गोस्वामी ने DPO पर अपनी कमियां और भ्रष्टाचार छिपाने के लिए अनुचित व्यवहार करने के आरोप लगाए. फिलहाल, इस पूरे घटनाक्रम पर विभाग की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.





