CM ने पाठ्य पुस्तक निगम अध्यक्ष के अधिकार छीने,700 गाड़ियां लेकर पहुंचे थे भोपाल

भोपाल।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पेट्रोल-डीजल बचाने की अपील के बीच मध्यप्रदेश में वाहन रैली और शक्ति प्रदर्शन पर सरकार ने बड़ी कार्रवाई की है। मुख्यमंत्री कार्यालय ने मध्यप्रदेश पाठ्य पुस्तक निगम के नवनियुक्त अध्यक्ष सौभाग्य सिंह को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
उनके सभी प्रशासनिक और वित्तीय अधिकार अगले आदेश तक निरस्त कर दिए गए हैं। वहीं भिंड में भाजपा किसान मोर्चा के अध्यक्ष सज्जन सिंह यादव की नियुक्ति भी 18 दिन में निरस्त कर दी गई है।
मध्यप्रदेश पाठ्य पुस्तक निगम के नवनियुक्त अध्यक्ष सौभाग्य सिंह ने अपना रसूख दिखाते हुए करीब 700 वाहनों का काफिला निकाला और उज्जैन से भोपाल पदभार ग्रहण करने पहुंचे। इससे रास्ते में कई जगह जाम की स्थिति बनी रही।
बैठकों में भाग लेने पर भी रोक
CM ऑफिस की ओर से जारी नोटिस में कहा गया है कि सौभाग्य सिंह ने पदभार संभालने के दौरान विशाल वाहन रैली निकाली। इसे सरकारी दिशानिर्देशों और सामूहिक जिम्मेदारी की भावना के विपरीत माना गया है। मामले के अंतिम निर्णय तक उन्हें निगम कार्यालय में प्रवेश, बैठकों में भाग लेने, प्रशासनिक निर्णय लेने और किसी कर्मचारी को निर्देश जारी करने से भी रोक दिया गया है।
PM की अपील के बाद सख्ती
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पिछले दिनों दो बार ईंधन बचाने और अनावश्यक वाहन उपयोग कम करने की अपील कर चुके हैं। इसके बाद प्रधानमंत्री, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव समेत कई नेताओं ने अपने काफिलों में वाहनों की संख्या कम की है। ऐसे माहौल में भाजपा नेताओं की वाहन रैलियों को संगठन और सरकार ने गंभीरता से लिया है।
CM ऑफिस के नोटिस में क्या कहा गया
मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी कारण बताओ नोटिस में कहा गया है कि मीडिया रिपोर्ट्स और सोशल मीडिया के जरिए जानकारी मिली कि पाठ्य पुस्तक निगम अध्यक्ष के रूप में नियुक्ति के बाद सिंह ने विशाल वाहन रैली निकाली। यह राष्ट्रीय संसाधनों के अपव्यय और शासन के संदेशों के विपरीत माना गया।
निगम कार्यालय या परिसर में प्रवेश नहीं कर सकेंगे।
निगम की सुविधाओं और वाहनों का उपयोग नहीं कर सकेंगे।
निगम से जुड़ी बैठकों में भाग नहीं ले सकेंगे।
किसी प्रशासनिक या वित्तीय निर्णय में हिस्सा नहीं ले सकेंगे।
किसी कर्मचारी को निर्देश जारी नहीं कर सकेंगे

भिंड में किसान मोर्चा के अध्यक्ष को हटाया
उधर, भिंड में भाजपा किसान मोर्चा के नवनियुक्त जिला अध्यक्ष सज्जन सिंह यादव पर भी संगठन ने कार्रवाई की है। 100 गाड़ियों के काफिले के साथ शक्ति प्रदर्शन करने पर उनकी नियुक्ति 18 दिन में ही निरस्त कर दी गई। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के निर्देश पर किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष जयपाल सिंह चावड़ा ने यह कार्रवाई की।
बुधवार शाम को सज्जन सिंह यादव समर्थकों के साथ शहर में शक्ति प्रदर्शन कर रहे थे। बड़ी संख्या में लग्जरी वाहन होने से ट्रैफिक बाधित हुआ। कई जगह जाम जैसे हालात बने। हॉर्न और नारेबाजी के कारण शोर-शराबा भी हुआ। इसके वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हुईं, जिसके बाद मामला भाजपा संगठन तक पहुंचा।





