Gas संकट के बीच एक और झटका…कमर्शियल सिलेंडर ₹195 महंगा:भोपाल में 2084, इंदौर में 2186 और ग्वालियर में 2307 रुपए में मिलेगा

भोपाल। किल्लत के बीच मध्य प्रदेश में कमर्शियल LPG सिलेंडर 195 रुपए महंगा हो गया है। यह बढ़ोतरी घरेलू सिलेंडर के रेट 60 रुपए बढ़ाने के 25 दिन बाद 1 अप्रैल से की गई है। प्रदेश के 50 हजार से ज्यादा होटल और रेस्टोरेंट को जरूरत का 9% सिलेंडर ही मिल रहा है।

इससे कई होटल-रेस्टोरेंट का मेन्यू बदल गया है। गैस के रेट बढ़ने से खाना भी महंगा होगा। एमपी के 5 बड़े शहरों में भोपाल में 19 Kg कमर्शियल सिलेंडर 2084 रुपए, इंदौर में 2186 रुपए, जबलपुर में 2295 रुपए, ग्वालियर में 2307 रुपए और उज्जैन में 2251 रुपए में मिलेगा।

रीवा में सिलेंडर सबसे महंगा 2331 रुपए में मिलेगा। नरसिंहपुर, सिंगरौली, सतना, कटनी, बालाघाट, पन्ना, रायसेन, शहडोल, मंडला, सीधी, अनूपपुर, डिंडौरी, उमरिया, सिवनी, श्योपुर, शिवपुरी, भिंड, मुरैना, दतिया, टीकमगढ़ और निवाड़ी में रेट 2300 रुपए या इससे अधिक है।

प्रदेश में सबसे सस्ता कमर्शियल सिलेंडर इंदौर में है। यहां पहले 2021 रुपए में सिलेंडर मिलता था। 195 रुपए बढ़ने के बाद रेट 2186 रुपए हो गए हैं। शाजापुर-सीहोर में नए रेट 2091 रुपए, हरदा में 2114 रुपए, सागर में 2119 रुपए, नर्मदापुरम-विदिशा में 2120 रुपए है।
गुना, झाबुआ, नीमच, रतलाम, मंदसौर, अशोकनगर, राजगढ़, आगर-मालवा, बुरहानपुर, बड़वानी, खंडवा, धार, आलीराजपुर, खरगोन, देवास, छिंदवाड़ा, दमोह, बैतूल और छतरपुर में रेट 2200 रुपए से कम है।

आने वाले दिनों में महंगा होगा खाना

भोपाल होटल एवं रेस्टोरेंट संघ के अध्यक्ष तेजकुलपाल सिंह पाली ने कहा कि कमर्शियल गैस नहीं मिलने से डीजल भट्‌ठी और इंडक्शन का उपयोग कर रहे हैं। इससे डीजल और बिजली का खर्च बढ़ गया है।अब कमर्शियल सिलेंडर के रेट बढ़े हैं। इससे आने वाले दिनों में खाने की कीमतें भी बढ़ जाएंगी। फिलहाल भोपाल में खाने के रेट नहीं बढ़े हैं।

नेशनल रेस्टोरेंट एसोसिएशन ऑफ इंडिया (NRAI) के प्रतिनिधि अभिषेक बहेती ने बताया कि पहले गैस एजेंसी संचालक 200 से 250 रुपए तक का डिस्काउंट देते थे, लेकिन अब पूरे रेट देने पड़ रहे हैं। कीमतें बढ़ने से प्रति सिलेंडर 500 रुपए का खर्च बढ़ जाएगा।

Sanjay Saxena

BSc. बायोलॉजी और समाजशास्त्र से एमए, 1985 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय , मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के दैनिक अखबारों में रिपोर्टर और संपादक के रूप में कार्य कर रहे हैं। आरटीआई, पर्यावरण, आर्थिक सामाजिक, स्वास्थ्य, योग, जैसे विषयों पर लेखन। राजनीतिक समाचार और राजनीतिक विश्लेषण , समीक्षा, चुनाव विश्लेषण, पॉलिटिकल कंसल्टेंसी में विशेषज्ञता। समाज सेवा में रुचि। लोकहित की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना और उस जानकारी को समाचार के रूप प्रस्तुत करना। वर्तमान में डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े। राजनीतिक सूचनाओं में रुचि और संदर्भ रखने के सतत प्रयास।

Related Articles