Anil Vij : कभी संगीता कालिया तो कभी उपासना, हरियाणा के मंत्री अनिल विज का अबतक किन-किन महिला अधिकारियों से हुआ पंगा

चंडीगढ़। हरियाणा के सबसे ज्यादा चर्चा में रहने वाला मंत्री अनिल विज एक बार फिर से सुर्खियों में हैं। उनके सुर्खियों में रहने की वजह एक महिला अधिकारी के साथ भिड़ जाना है। अनिल विज इस बार कैथलसमिति की बैठक के दौरान एसपी उपासना के साथ भिड़ गए। इस दौरान पुलिसकर्मी के सस्पेंशन को लेकर दोनों के बीच तीखी नोकझोंक हो गई।
दरअसल उन्होंने कैथल एसपी उपासना को तत्काल एक पुलिसकर्मी को सस्पेंड करने का आदेश दिया था। जब एसपी ने कहा कि यह पुलिसकर्मी दूसरे जिले (का है, इसलिए उनके अधिकार क्षेत्र में सस्पेंशन संभव नहीं। वे केवल डीआईजी को इसकी रिपोर्ट लिख सकती हैं। इस पर अनिल विज भड़क गए और बोले कि मैं पूरे हरियाणा में किसी को भी सस्पेंड कर सकता हूं। मेरे आदेश पर इसे सस्पेंड करो। एसपी ने फिर समझाया कि नियमों के अनुसार वे खुद सस्पेंड नहीं कर सकतीं। यह पहली बार नहीं था जब गब्बर के नाम से मशहूर अनिल विज का किसी महिला अधिकारी के साथ पंगा हुआ हो। इससे पहले भी उनकी कई महिला अधिकारियों के साथ तू-तू मैं-मैं हो चुकी है।
महिला आईपीएस अधिकारी संगीता कालिया का भी अनिल से पंगा हो चुका है। संगीता कालिया जब एसपी के पद थी तो वो उस समय प्रदेश के गृहमंत्री अनिल विज से भिड़ गईं थी। दरअसल उस समय संगीता फतेहाबाद एसपी के रूप में कार्यरत थी। तब विज से उनकी बहस हो गई थी। अनिल विज वहां कष्ट निवारण समिति की बैठक की अध्यक्षता करने पहुंचे थे। इस बैठक में एक शिकायत की सुनवाई के दौरान विज ने संगीता कालिया को गेटआउट कह दिया था, लेकिन एसपी कालिया बैठक से बाहर नहीं गई। बाद में उनका ट्रांसफर कर दिया गया था। बता दें कि संगीता कालिया अब गुरुग्राम की संयुक्त पुलिस आयुक्त हैं।
इस महिला अधिकारी के खिलाफ दर्ज करवाई थी एफआईआर
वहीं नवंबर 2024 में अनिल विज ने पानीपत के पूर्व पार्षद हरीश शर्मा और उनके साथी राजेश शर्मा के आत्महत्या से जुड़े मामले में मनीषा चौधरी के विरुद्ध एफआइआर दर्ज करने के आदेश दिए थे। मनीषा चौधरी पर एफआइआर दर्ज होने के बाद उनकी चंडीगढ़ में एसएसपी ट्रैफिक के पद पर होने वाली पोस्टिंग भी लटक गई थी। मनीषा चौधरी पर एफआइआर दर्ज होने के बाद प्रदेश की आइपीएस लाबी ने सख्त नाराजगी भी जताई थी। यह पहला मौका नहीं है, जब गृह मंत्री अनिल विज ने पुलिस अधिकारियों को लपेटे में लिया हो। इससे पहले, लाकडाउन के दौरान शराब की अवैध बिक्री के मामले में सोनीपत की एसपी प्रतीक्षा गोदारा के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की सिफारिश की गई थी।





