Bollywood : एक्ट्रेस मधु मल्होत्रा का निधन, ‘हीरो’, ‘कर्ज’ जैसी फिल्मों में किया था काम

मुंबई। 70-80 के दशक की जानी-मानी अभिनेत्री मधु मल्होत्रा का निधन हो गया है। बताया जा रहा है कि उन्होंने 72 साल की उम्र में मुंबई में 13 मार्च को आखिरी सांस ली। उनके निधन की खबर से बॉलीवुड में शोक की लहर है और कई लोग उन्हें याद कर श्रद्धांजलि दे रहे हैं।
100 से ज्यादा फिल्मों में किया काम
मधु मल्होत्रा ने अपने करियर में कई फिल्मों में काम किया और भले ही वे ज्यादा सुर्खियों में नहीं रहीं, लेकिन अपने किरदारों से उन्होंने दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाई। उन्होंने 1970 और 80 के दशक में हिंदी सिनेमा में काफी काम किया और 100 से ज्यादा फिल्मों का हिस्सा रहीं।
उन्हें खास पहचान फिल्म ‘हीरो’ के मशहूर गाने ‘लंबी जुदाई’ से मिली थी। यह गाना आज भी लोगों के दिलों में बसा हुआ है और इसी गाने ने उन्हें दर्शकों के बीच यादगार बना दिया.
इन फिल्मों से मिली खास पहचान
मधु मल्होत्रा कई लोकप्रिय फिल्मों में नजर आईं, जिनमें ‘सत्ते पे सत्ता’, ‘कर्ज’, ‘रिश्ता कागज का’, ‘विश्वनाथ’ और ‘कयामत’ जैसी फिल्में शामिल हैं। इन फिल्मों में उनके अभिनय को दर्शकों ने काफी पसंद किया था।
उनके निधन के बाद फिल्म इंडस्ट्री के कई लोगों और फैंस ने सोशल मीडिया पर उन्हें श्रद्धांजलि दी है। भले ही मधु मल्होत्रा आज हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनकी फिल्में और उनके निभाए किरदार हमेशा लोगों के दिलों में जिंदा रहेंगे।





