WAR : दुबई में बुर्ज खलीफा के पास हमला, एयरपोर्ट बंद, एयर इंडिया की लंदन, टोरंटो, पेरिस, शिकागो उड़ानें रद्द, मध्य प्रदेश के कई लोग फंसे

दुबई। इजराइल-ईरान जंग के बीच मिडिल ईस्ट में हालात तेजी से बिगड़ गए हैं, जिसका असर दुबई से लेकर भारत तक दिखाई दे रहा है। दुबई की मशहूर इमारत बुर्ज खलीफा के पास ड्रोन हमला हुआ।
एहतियातन बुर्ज खलीफा को खाली करा दिया गया और उसकी लाइट्स बंद कर दी गईं। हमले के बाद दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट और अल मकतूम एयरपोर्ट पर उड़ानों का संचालन अगले आदेश तक रोक दिया गया।
इंदौर के पूर्व विधायक संजय शुक्ला और पूर्व विधायक विशाल पटेल वर्तमान में दुबई में मौजूद हैं। उनके साथ प्रवीण कक्कड़, पिंटू छाबड़ा, मनीष शाहरा, गोलू पाटनी और संजय अग्रवाल जैसे बड़े नाम भी वहां गए हुए हैं। जानकारी के अनुसार, यह सभी इंदौर से एक वैवाहिक कार्यक्रम में सम्मिलित होने के लिए दुबई की यात्रा पर थे। युद्ध जैसी स्थितियों के कारण विमानों की आवाजाही पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं।
इस पूरे घटनाक्रम पर पूर्व विधायक संजय शुक्ला ने स्थिति स्पष्ट की है। उन्होंने बताया कि दुबई में वर्तमान में हालात सामान्य हैं और सुरक्षा को लेकर कोई चिंता की बात नहीं है। हालांकि उन्होंने स्वीकार किया कि कुछ उड़ानें रद्द हुई हैं, लेकिन उनकी वापसी शारजाह से होनी है। फिलहाल शारजाह हवाई अड्डे से उनकी फ्लाइट के निरस्त होने की कोई आधिकारिक सूचना नहीं मिली है।
कई देशों ने अपना एयरस्पेस अस्थायी रूप से बंद कर दिया, जिससे दुनियाभर की फ्लाइट्स प्रभावित हुईं। एयर इंडिया ने घोषणा की है कि 1 मार्च को लंदन, टोरंटो, फ्रैंकफर्ट, पेरिस और शिकागो के लिए उसकी सभी निर्धारित उड़ानें रद्द कर दी गई हैं।
DGCA ने भी एयरलाइंस को 11 देशों के एयरस्पेस से बचने की सलाह दी है। यात्रियों को एयरपोर्ट न जाने और अपनी एयरलाइंस से ताजा जानकारी लेने की सलाह दी गई है।
पैसेंजर्स के लिए एडवाइजरी जारी
दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट और अल मकतूम इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर फ्लाइट ऑपरेशन पर अगले नोटिस तक रोक दिए गए हैं। पैसेंजर्स को सलाह दी गई है कि वे एयरपोर्ट न जाएं और लेटेस्ट फ्लाइट शेड्यूल अपडेट के लिए सीधे अपनी एयरलाइंस से पता करें।
UAE, कतर, बहरीन और कुवैत ने कुछ समय के लिए अपने एयरस्पेस को बंद कर दिया था, जिससे एयरलाइंस को सावधानी के तौर पर सर्विस कैंसिल, रीरूट या सस्पेंड करनी पड़ीं।
एयर इंडिया की 28 उड़ानों पर असर
1 मार्च को रद्द की गई उड़ानें
एडवाइजरी के मुताबिक, 1 मार्च को निम्नलिखित एयर इंडिया सेवाएं रद्द की गई हैं:
दिल्ली–लंदन (हीथ्रो) / लंदन–दिल्ली: AI161/AI162 और AI111/AI112
मुंबई–लंदन (हीथ्रो) / लंदन–मुंबई: AI129/AI128
अमृतसर–लंदन (गैटविक) / लंदन–अमृतसर: AI169/AI170
दिल्ली–न्यूयॉर्क (JFK) / न्यूयॉर्क–दिल्ली: AI101/AI102
मुंबई–न्यूयॉर्क (JFK) / न्यूयॉर्क–मुंबई: AI119/AI116
मुंबई–नेवार्क / नेवार्क–मुंबई: AI191/AI144
दिल्ली–शिकागो / शिकागो–दिल्ली (वाया वियना): AI127/AI126
दिल्ली–टोरंटो / टोरंटो–दिल्ली (वाया वियना): AI187/AI188 और AI189/AI190
दिल्ली–फ्रैंकफर्ट / फ्रैंकफर्ट–दिल्ली: AI205/AI206
मुंबई–फ्रैंकफर्ट / फ्रैंकफर्ट–मुंबई: AI2027/AI2028
दिल्ली–पेरिस / पेरिस–दिल्ली: AI143/AI142 और AI147/AI148







