लंदन में CJI सूर्यकांत के कार्यक्रम में बवाल, भारतीय उच्चायोग ने कहा – असभ्यता स्वीकार नहीं करेंगे

लंदन। भारत के प्रधान न्यायाधीश (सीजेआई) सूर्यकांत की ब्रिटेन यात्रा के दौरान लंदन में उनकी भागीदारी वाले एक कार्यक्रम में बवाल हुआ है। इस कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने भारत में असहमति को लेकर चिंताओं और उनके हालिया “कॉकरोच” वाले बयान पर उनसे सवाल किए। इसके बाद कार्यक्रम में जमकर हंगामा हुआ। यह घटना 4 जून की बताई जा रही है, जब चीफ जस्टिस ने “आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और इंटरनेशनल लॉ” पर भाषण दिया था।

इस कार्यक्रम में सवाल-जवाब के सेशन के दौरान, एक व्यक्ति ने CJI सूर्यकांत से भारत के लोकतांत्रिक रिकॉर्ड और असहमति के प्रति बढ़ती नफरत के बारे में सवाल पूछने की कोशिश की। ऑनलाइन वायरल हो रहे वीडियो क्लिप में उस व्यक्ति को यह कहते हुए सुना जा सकता है: “हम देश और विदेश के कई कानूनी जानकारों से सुन रहे हैं कि भारत में असहमति के प्रति बढ़ती नफरत को लेकर काफी चिंता है। और ऐसा लगता है कि यह नफरत माननीय जज साहब के भाषण में भी कुछ हद तक झलकती है और यह बात काफी चर्चा में रही है।”

आयोजकों के दखल के बाद संभले हालात

एक और व्यक्ति ने CJI सूर्यकांत से 15 मई को कोर्ट में दिए गए उनके उस बयान के बारे में सवाल पूछना चाहा, जिसने बाद में भारत में काफी बहस छेड़ दी थी। मॉडरेटर ने बातचीत में दखल दिया और उन सवालों को लेने से मना कर दिया। मॉडरेटर ने कहा, “पूरे सम्मान के साथ, मैं उस सवाल को नहीं ले पाऊंगा क्योंकि यह विषय आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और इंटरनेशनल लॉ से जुड़ा है।”

कार्यक्रम को बाधित करने की कोशिश

इसके बाद कार्यक्रम को बाधित करने की कोशिश की गई। चर्चा के दौरान कुछ लोग खड़े हो गए और इशारे करने लगे। एक क्लिप में, आयोजकों को दर्शकों से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए सुना जा सकता है। एक आयोजक ने कहा, “कृपया, आइए शांत हो जाएं और इसे खत्म करें, क्या हम ऐसा कर सकते हैं? धन्यवाद।” इसके बाद यह फुटेज सोशल मीडिया पर खूब शेयर किया गया, जिससे इस बातचीत और लोगों द्वारा उठाए गए मुद्दों पर लोगों का ध्यान गया।

भारतीय हाई कमीशन ने घटना की निंदा की

यूनाइटेड किंगडम में भारतीय हाई कमीशन ने इस हंगामे की आलोचना की और इसमें शामिल लोगों के व्यवहार को अनुचित बताया। शुक्रवार को जारी एक बयान में, हाई कमीशन ने कहा कि 4 जून के इवेंट में लेक्चर के बाद अच्छी चर्चा हुई थी, लेकिन फिर एक व्यक्ति ने कार्यवाही में बाधा डालने की कोशिश की। बयान में कहा गया, “इस तरह का अशोभनीय व्यवहार स्वीकार्य नहीं है और यह सार्वजनिक बातचीत में ज़रूरी सम्मानजनक व्यवहार के खिलाफ है। लोकतांत्रिक समाज में विचारों का अलग-अलग होना स्वाभाविक है। हालांकि, उन्हें सभ्य और सम्मानजनक तरीके से व्यक्त किया जाना चाहिए।”

Exit mobile version