रिपोर्ट में दावा, ईरानी राष्ट्रपति पेजेश्कियान ने सुप्रीम लीडर को सौंपा अपना इस्तीफा, IRGC पर सत्ता कब्जाने का लगाया आरोप

तेहरान। ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान ने देश के सु्प्रीम लीडर को कथित तौर पर अपना इस्तीफा सौंप दिया है। ईरान इंटरनेशनल की रिपोर्ट के अनुसार, रविवार को भेजे गए इस पत्र में पेजेश्कियान ने कहा है कि देश में बड़े और अहम फैसले लेने की प्रक्रियाओं से राष्ट्रपति और सरकार को बाहर कर दिया गया है। उन्होंने यह भी कहा है कि इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) के कट्टरपंथी गुटों ने अहम मामलों पर नियंत्रण कर लिया है।

पेजेश्कियान ने कहा कि ऐसी हालात में वह सरकार चलाने और कानूनी जिम्मेदारियों को पूरा करने में असमर्थ हैं और इस वजह से तुरंत पद छोड़ने का अनुरोध किया है। अभी यह साफ नहीं है कि मोजतबा खामेनेई ने राष्ट्रपति के इस्तीफे को लेकर क्या फैसला लिया है। लेकिन पत्र की बातें तेहरान में सत्ता के शीर्ष पर गहरे मतभेद की तरफ इशारा करती हैं।

राष्ट्रपति कार्यालय ने खारिज की रिपोर्ट
इस बीच ईरान के राष्ट्रपति कार्यालय के एक अधिकारी ने रिपोर्ट को खारिज करते हुए इसे एक विदेशी नेटवर्क की अफवाह फैलान की चाल बताया। ईरानी राष्ट्रपति के कार्यालय में संचार और सूचना प्रसार के उप-प्रमुख सैयद मेहदी तबाताबेई ने कहा, “शोहरत के भूखे एक नौजवान के राष्ट्रपति के पदों के बारे में आधारहीन और विवादास्पद बयान को गंभीरता से नहीं लिया जाना चाहिए। “

ईरानी अधिकारी ने बताया विदेशी नैरेटिव
मेहदी ने कहा कि कुछ गुमराम तत्वों के बचकाने व्यवहार के यह झूठा नैरेटिव मजबूत नहीं होना चाहिए कि नौजवानों में देश के शासन में भूमिका निभाने की क्षमता नहीं है। इस्तीफे की रिपोर्ट को खारिज करते हुए उन्होंने आगे कहा, “एक बदनाम विदेशी नेटवर्क द्वारा अफवाह फैलाना पिछली हास्यास्पद मीडिया चालों का ही विस्तार है। उन्होंने वास्तविकता की जगह अपनी मनगढंत सोच को प्रकाशित किया है।”

अधिाकारी ने कहा कि “राष्ट्रपति पेजेश्कियान लोगों की सेवा करने से पीछे नहीं हटेंगे, ठीक वैसे ही जैसे ईरानी राष्ट्र एकजुटता और प्रतिरोध के मार्ग से पीछे नहीं हटेगा। वे ईरानी राष्ट्र की एकता को तोड़ने की अपनी इच्छा को अपने साथ कब्र में ले जाएंगे।” IRGC से जुड़ी तस्नीम न्यूज एजेंसी ने एक सरकारी सूत्र के हवाले से बताया है कि राष्ट्रपति पेजेश्कियान ने इस्तीफा नहीं दिया है और वे अपने कर्तव्यों का पालन करना जारी रखे हुए हैं। इसने राष्ट्रपति के इस्तीफा सौंपने की खबरों को खारिज कर दिया।

Exit mobile version