हर देश में बेवकूफ लोग होते हैं’: रूबियो के इस बयान पर विवाद क्यों विदेश मंत्रालय को पोस्ट करना पड़ा डिलीट..?

नई दिल्ली. अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो का भारतीयों के खिलाफ नस्लभेदी टिप्पणियों पर दिया गया बयान अब नए विवाद में घिर गया है। नई दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान दिए गए उनके ‘हर देश में बेवकूफ लोग होते हैं’ वाले बयान का वीडियो अमेरिकी विदेश विभाग ने पहले सोशल मीडिया पर साझा किया, लेकिन कुछ ही घंटों बाद उसे हटा दिया। इसके बाद सोशल मीडिया पर कवरअप और बयान को दबाने के आरोप लगने लगे।
मार्को रूबियो ने क्या बोला था?
दरअसल, भारत दौरे पर आए मार्को रूबियो से एक पत्रकार के अमेरिका में भारतीय मूल के अमेरिकी नागरिकों के खिलाफ नस्लभेदी टिप्पणियों के बारे में पूछे जाने पर अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने कहा, “मैं इन टिप्पणियों को बहुत गंभीरता से लूंगा। मुझे यकीन है कि ऑनलाइन और अन्य जगहों पर ऐसे लोग हैं जिन्होंने ऐसी टिप्पणियां की हैं। दुनिया के हर देश में मूर्ख लोग होते हैं। मुझे यकीन है कि यहां भी मूर्ख लोग हैं; अमेरिका में भी मूर्ख लोग हैं जो हर समय बेवकूफी भरी टिप्पणियां करते हैं। दुनिया भर से हमारे देश में आने वाले लोगों से हमारा देश समृद्ध हुआ है।
ट्रंप के विवादित पोस्ट से जुड़ा है मामला
माना जा रहा है कि पत्रकार का सवाल हाल ही में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा साझा की गई विवादित पोस्ट से जुड़ा था। उस पोस्ट में अमेरिकी रेडियो होस्ट माइकल सैवेज ने भारत और चीन जैसे देशों को हेल होल कहा था। उन्होंने भारतीय और चीनी प्रवासियों पर भी विवादित टिप्पणियां की थीं।

विवाद बढ़ने के बाद मार्को रूबियो ने सफाई देते हुए कहा कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भारत और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बड़े प्रशंसक हैं। उन्होंने यह भी कहा कि इंटरनेट पर लोग कई तरह की पागलपन भरी बातें यानी अजीब बातें करते रहते हैं और हर ऑनलाइन टिप्पणी को आधिकारिक सोच नहीं माना जा सकता।

हालांकि, सोशल मीडिया पर कई लोगों ने सवाल उठाया कि अगर बयान में कुछ गलत नहीं था तो अमेरिकी विदेश विभाग ने वीडियो का हिस्सा हटाया क्यों। इस पूरे घटनाक्रम ने अमेरिका में भारतीयों के खिलाफ ऑनलाइन नफरत और नस्लभेदी टिप्पणियों को लेकर नई बहस छेड़ दी है।

Exit mobile version