ईरान बोला- अब पीछे हटने की कोई गुंजाइश नहीं
हमारी सेना पूरी तरह तैयार, अमेरिका को हमारी ताकत का सही अंदाजा नहीं

तेहरान। ईरानी सेना के प्रवक्ता ब्रिगेडियर जनरल मोहम्मद अकरमी निया ने बुधवार को कहा है कि अमेरिका और इजराइल के साथ जंग के बाद अब पीछे हटने की कोई गुंजाइश नहीं है।
उन्होंने कहा कि ईरान की सेना और सुरक्षा बल पूरी तरह तैयार हैं, क्योंकि अमेरिका के साथ युद्धविराम काफी कमजोर है।
अकरमी निया ने बताया कि होर्मुज के पश्चिमी हिस्से पर इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स की नेवी का कंट्रोल है, जबकि पूर्वी हिस्से की जिम्मेदारी ईरान की रेगुलर नौसेना संभाल रही है।
उन्होंने दावा किया कि ईरानी सेना ने दुश्मन को उसके किसी भी मकसद में सफल नहीं होने दिया। युद्ध के दौरान मिडिल ईस्ट में अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर मौजूद कई इक्विपमेंट तबाह कर दिए गए। अकरमी निया ने ईरान की सैन्य ताकत की तारीफ करते हुए कहा कि दुश्मन (अमेरिका-इजराइल) ने ईरान की क्षमताओं का सही अंदाजा नहीं लगाया था।
होर्मुज में गुजरात का एक और जहाज डूबा
ईरान जंग के बीच होर्मुज स्ट्रेट में गुजरात का एक और मालवाहक जहाज डूब गया। हाजी अली नाम का जहाज 13 मई की सुबह ओमान के समुद्री क्षेत्र से गुजर रहा था, तभी उससे कोई ड्रोन या मिसाइल जैसा हथियार टकरा गया। हादसे के बाद जहाज में आग लग गई, हालांकि ओमान कोस्टगार्ड ने सभी 14 क्रू मेंबर्स को सुरक्षित बचा लिया।
रुबियो बोले- ईरान को परमाणु हथियार नहीं बनाने देंगे
अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कहा है कि ईरान का मौजूदा शासन परमाणु हथियार चाहता है, लेकिन राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के नेतृत्व में दुनिया ऐसा नहीं होने देगी। रुबियो के मुताबिक दुनिया इस बात पर एकजुट है कि ईरान को परमाणु हथियार नहीं मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति ट्रम्प इस मुद्दे पर स्पष्ट रुख रखते हैं और ईरान को परमाणु शक्ति बनने से रोकना अमेरिका की प्राथमिकता है।



