MP: विजयवर्गीय बनाम उषा ठाकुर… बुलडोजर चला तो BJP विधायक विरोध में उतरीं… बोलीं- रजिस्ट्रियां हैं तो घर क्यों तोड़ रहे; BJP पार्षद बोले- कॉलोनी ठाकुर के भाई की

इन्दौर। इंदौर में शनिवार सुबह एरोड्रम इलाके में अवैध कॉलोनी (मारवाड़ी अग्रवाल कॉलोनी) ढहाने आई नगर निगम की टीम पॉलिटिक्स में फंस गई। कार्रवाई की सूचना पर लोगों ने हंगामा किया। इस पर पूर्व मंत्री और महू विधायक उषा ठाकुर भी पहुंच गई और बुलडोजर खड़े करवा दिए। उन्होंने कहा- यह न्याय नहीं है। लोगों के पास रजिस्ट्रियां हैं, टैक्स भरते हैं, ऐसे कैसे तोड़ देंगे।

प्रदर्शनकारियों ने मौके पर आईं महू विधायक ठाकुर के समक्ष कहा कि वार्ड क्रमांक 14 के बीजेपी पार्षद अश्विनी शुक्ला कॉलोनी टूटने से बचाने के लिए प्रति घर 5-5 लाख रुपए मांग रहे थे। नहीं देने पर झूठी शिकायत की। जवाब में पार्षद शुक्ला ने कहा कि जो लोग हंगामा कर आरोप लगा रहे हैं, वे खुद कॉलोनाइजर से जुड़े हुए हैं। बता दें कि यह कॉलोनी इंदौर-1 में आती है जो नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय का क्षेत्र है जबकि ठाकुर महू से विधायक हैं। इस कॉलोनी में विधायक ठाकुर के भाई पार्टनर बताए गए हैं।

कॉलोनी की निर्मला कालिया ने आरोप लगाया कि हमें अचानक बताया गया कि यह कॉलोनी अवैध है और तोड़ी जाएगी। लोगों ने बमुश्किल लोन लेकर घर बनाए हैं। अब ये टूट गए तो कहां जाएंगे इसलिए प्रदर्शन के लिए आना पड़ा। दो-तीन दिन से विधायक विजयवर्गीय के ऑफिस भी गए। हमें अब तक आश्वासन ही मिला है।

एक अन्य रहवासी ने दावा किया कि कॉलोनी को तुड़वाने की साजिश पार्षद शुक्ला की है। हमारी कॉलोनी को तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शहर की उन 100 कॉलोनियों में रखा था जिन्हें वैध किया जाना है। हमारे पास रजिस्ट्रियां हैं, नगर निगम में टैक्स भी भरते हैं। जब यह कॉलोनी 35 साल पहले कटी थी, तब यह ग्रामीण क्षेत्र में पंचायत में आती थी। ऐसे में मकान निर्माण के लिए नगर निगम की अनुमति कहां से दिखाएं।
दो नेताओं की लड़ाई में हमारा नुकसान, हमें जीने दीजिए : रहवासी

लोगों ने दावा किया कि यह कॉलोनी इंदौर-1 से विधायक और मंत्री कैलाश विजयवर्गीय का है। क्षेत्र के पार्षद भी बीजेपी के हैं और कॉलोनी भी बीजेपी की अन्य विधायक ठाकुर के भाई की है। ऐसे में दो नेताओं की आपसी लड़ाई में हमारा नुकसान किया जा रहा है, प्लीज हमें जीने दीजिए..।
मेरे खिलाफ प्रदर्शन करने वाला कॉलोनाइजर का ब्रोकर है : पार्षद

वार्ड क्रमांक 14 के बीजेपी पार्षद शुक्ला ने आरोपों को खारिज किया है। उन्होंने कहा कि कॉलोनी तुड़वाने में मेरा कोई हाथ नहीं है। मुख्यमंत्रीजी ने अवैध कॉलोनी पर कार्रवाई के लिए कहा है। मेरे खिलाफ जो प्रदर्शन कर रहे हैं, उनमें मीतेश नाम का प्रदर्शनकारी तो कॉलोनाइजर का ही ब्रोकर है, जो झूठे आरोप लगा रहा है। मैंने कॉलोनी के खिलाफ न कोई शिकायत की है, न ही रुपए मांगे हैं। अधिकतर लोग कॉलोनाइजर के ही हैं।
मंत्री विजयवर्गीय और पूर्व मंत्री ठाकुर में अनबन तो नहीं?

लोग यह भी बातें करते रहे कि विजयवर्गीय ने कुछ दिनों पहले महू से कांग्रेस के पूर्व विधायक अंतरसिंह दरबार को भाजपा ज्वाइन कराई थी। इससे क्षेत्रिय भाजपा विधायक ठाकुर को विश्वास में नहीं लिया गया था। इसे लेकर दोनों में मतभेद उभरने की आशंका है। बता दें कि मध्य प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने के बाद इंदौर के लिए दो विधायकों का कोटा था। पूर्व मंत्री ठाकुर को इस बार मंत्री नहीं बनाते हुए उनकी जगह विजयवर्गीय को मोहन कैबिनेट में रखा गया है।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा- महापौर बताएं टीम भेजी तो वापस क्यों बुलाई

कांग्रेस पार्षद और नेता प्रतिपक्ष चिंटू चौकसे ने पूरे विवाद पर कहा कि राज्य सरकार द्वारा घोषणा की गई थी कि अवैध कालोनी काटने वाले कॉलोनाइजर पर रासुका लगाई जाएगी। यदि राज्य सरकार और जिला प्रशासन इस घोषणा के प्रति गंभीर है तो इस अवैध कॉलोनी को बचाने के लिए मैदान पकड़ने वाली पूर्व मंत्री और विधायक उषा ठाकुर पर भी रासुका लगाई जानी चाहिए। कॉलोनी को काटने वाले कॉलोनाइजर पर भी रासुका की कार्रवाई होना चाहिए। नगर निगम की टीम जिस तरह से मौके से वापस लौटी है वह बेहद शर्मनाक है। घटना की जिम्मेदारी इंदौर के जिम्मेदार महापौर को लेना चाहिए। उन्हें बताना चाहिए कि निगम ने यह कार्रवाई करने का फैसला क्यों लिया, फिर रोका क्यों।
हम मुख्यमंत्री और मंत्री विजयवर्गीय से बात करेंगे : उषा ठाकुर
मौके पर आईं महू विधायक ने एरोड्रम इलाके की कॉलोनी को लेकर कहा कि लोगों के पास रजिस्ट्रियां हैं। टैक्स भरते हैं। लोगों का आशियाना नहीं उजाड़ा जाना चाहिए। हम इस कार्रवाई के साथ मुख्यमंत्री से बात करेंगे। साथ ही क्षेत्रिय विधायक और मंत्री कैलाश विजयवर्गीय को लोग कागज दिखाने जाएंगे। राजनीतिक द्वेष में गरीब नहीं पिसना चाहिए।

img 20240323 1346453654781163283399839
img 20240323 1346105653470768568209021

Sanjay Saxena

BSc. बायोलॉजी और समाजशास्त्र से एमए, 1985 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय , मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के दैनिक अखबारों में रिपोर्टर और संपादक के रूप में कार्य कर रहे हैं। आरटीआई, पर्यावरण, आर्थिक सामाजिक, स्वास्थ्य, योग, जैसे विषयों पर लेखन। राजनीतिक समाचार और राजनीतिक विश्लेषण , समीक्षा, चुनाव विश्लेषण, पॉलिटिकल कंसल्टेंसी में विशेषज्ञता। समाज सेवा में रुचि। लोकहित की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना और उस जानकारी को समाचार के रूप प्रस्तुत करना। वर्तमान में डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े। राजनीतिक सूचनाओं में रुचि और संदर्भ रखने के सतत प्रयास।

Related Articles