BJP Candidates: भाजपा की 5वीं सूची; नवीन जिंदल-सीता सोरेन, कंगना राणावत को टिकट, अश्विनी चौबे को झटका

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने लोकसभा चुनाव के लिए रविवार को 111 उम्मीदवारों की पांचवीं सूची जारी कर दी। पार्टी अब तक 402 लोकसभा सीटों के लिए उम्मीदवारों का एलान कर चुकी है। ताजा सूची में पार्टी ने पूर्व केंद्रीय मंत्री वीके सिंह की जगह गाजियाबाद से स्थानीय विधायक अतुल गर्ग को टिकट दिया है, जबकि बिहार के बक्सर से केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे का टिकट काटकर उनके स्थान पर मिथिलेश तिवारी को उम्मीदवार बनाया गया है। फिल्म स्टार कंगना राणावत को मंडी से टिकट दिया गया है।

पीलीभीत से वर्तमान सांसद वरुण गांधी का टिकट काटकर उनके स्थान पर राज्य सरकार में मंत्री जितिन प्रसाद को उम्मीदवार बनाया गया है, जबकि उनकी मां मेनका गांधी को सुल्तानपुर से फिर से टिकट दिया गया है। केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को ओडिशा के संबलपुर से उम्मीदवार बनाया गया है। पार्टी की इस सूची में फिल्म अभिनेत्री कंगना रनौत का भी नाम है। उन्हें हिमाचल प्रदेश के मंडी से टिकट दिया गया है। कुछ देर पहले ही भाजपा में शामिल होने वाले पूर्व सांसद नवीन जिंदल को पार्टी ने कुरुक्षेत्र से अपना उम्मीदवार बनाया है।
दुमका से सीता सोरेन को मौका, राहुल के खिलाफ सुरेंद्रन
झारखंड के दुमका से भाजपा ने सीता सोरेन को उम्मीदवार बनाया है। सीता सोरेन झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की भाभी हैं और पिछले दिनों उन्होंने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की थी। पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के खिलाफ वायनाड सीट से भाजपा ने केरल इकाई के पूर्व अध्यक्ष के. सुरेंद्रन को उम्मीदवार बनाया है।
सोलापुर से सतपुते को मैदान में उतारा
पार्टी ने सोलापुर (अनुसूचित जाति) लोकसभा सीट के लिए पार्टी विधायक राम सतपुते को अपना उम्मीदवार बनाया जबकि भंडारा-गोंदिया से सांसद सुनील मेंढे को दोबारा इस सीट से टिकट दिया गया है। सत्तारूढ़ दल ने गढ़चिरौली-चिमूर से अशोक नेते के नाम की भी घोषणा की।
भाजपा की सूची में क्या खास?
नित्यानंद राय उजियारपुर से चुनाव लड़ेंगे।
गिरिराज सिंह बेगुसराय और पटना साहिब से रविशंकर प्रसाद चुनावी मैदान में होंगे।
मंडी से कंगना रनौत को उम्मीदवार बनाया गया है।
कुरूक्षेत्र से नवीन जिंदल और दुमका से सीता सोरेन को टिकट दिया गया है।
बेलगाम से जगदीश शेट्टार, चिक्काबल्लापुर से के सुधाकरन को उम्मीदवार बनाया गया है।
संबलपुर से धर्मेंद्र प्रधान, बालासोर से प्रताप सारंगी, पुरी से संबित पात्रा, भुवनेश्वर से अपराजिता सारंगी और मेरठ से अरुण गोविल चुनावी मैदान में उतरेंगे।

राजीव प्रताप रूडी सारण और आरके सिंह आरा से चुनाव लड़ेंगे।
बैजयंत जय पांडा केंद्रपाड़ा से चुनाव लड़ेंगे।
बैरकपुर से अर्जुन सिंह, मेदिनीपुर से अग्निमित्रा पॉल, दार्जिलिंग से राजू बिस्ता को टिकट दिया गया है।
तमलुक से पूर्व न्यायाधीश जस्टिस अभिजीत गंगोपाध्याय और बर्धमान-दुर्गापुर से दिलीप घोष को उम्मीदवार बनाया गया है।
अब तक 402 लोकसभा उम्मीदवारों के नाम घोषित
भाजपा अब तक 402 लोकसभा सीट के लिए उम्मीदवारों के नाम घोषित कर चुकी है। इनमें उत्तर प्रदेश, गुजरात, पश्चिम बंगाल, झारखंड, राजस्थान, हरियाणा, कर्नाटक, तमिलनाडु, उत्तराखंड, केरल और तेलंगाना समेत अन्य राज्यों के उम्मीदवार शामिल हैं। भोजपुरी गायक पवन सिंह सहित घोषित उम्मीदवारों में से चार ने विवाद होने के बाद अपने नाम वापस ले लिए हैं। लोकसभा की 543 सीट के लिए 19 अप्रैल से एक जून के बीच सात चरण में चुनाव होना है। मतगणना चार जून को होगी।