MP: मंत्री के पैरों पर गिरी महिला, अतिक्रमण के नाम पर घर गिराने की शिकायत लेकर आई थी

सीधी। सीधी जिले के प्रभारी मंत्री और प्रदेश के कुटीर-ग्रामोद्योग राज्य मंत्री दिलीप जायसवाल का एक वीडियो सामने आया है। वीडियो में कुछ महिलाएं उनके पैर छूते हुए नजर आ रही हैं। मंत्री जी उन्हें उठाने की कोशिश भी नहीं कर रहे।
दरअसल, कुछ दिनों पहले वन विभाग के कर्मचारियों ने चिलरी गांव में अतिक्रमण बताते हुए कुछ आदिवासियों के मकान गिरा दिए थे। विरोध करने पर ग्रामीणों के साथ मारपीट भी की गई थी। इसके बाद गांववालों ने इसकी शिकायत कलेक्टर, एसपी और थाना प्रभारी से की, लेकिन कहीं कोई सुनवाई नहीं हुई।
ग्रामीणों को जब पता चला कि बुधवार को प्रभारी मंत्री कलेक्टोरेट में मीटिंग करने आ रहे हैं तो सभी लोग वहां पहुंच गए। इनमें ज्यादातर महिलाएं थीं। सभी महिलाएं मंत्री को देखते ही उनके पैरों में जाकर गिर जाती हैं। लेकिन, मंत्री न तो उनकी तरफ ध्यान देते हैं और न ही उन्हें उठाने की कोशिश करते हैं। हालांकि, कुछ पुलिसकर्मी महिलाओं को उठाकर किनारे करते हैं।
चिलरी गांव में तोड़ दिए गए थे दो मकान
दरअसल, 6 नवंबर को रेंजर नवीन सिंह की अगुआई में 32 कर्मचारियों की टीम चिलरी गांव पहुंची थी। यहां दो मकानों को अतिक्रमण बताते हुए तोड़ दिया गया। ग्रामीणों का आरोप है कि इस दौरान विरोध करने पर महिलाओं के साथ मारपीट भी की गई। इसके बाद गांव वाले शिकायत लेकर 7 नवंबर को रेंजर ऑफिस गए थे। वहां सुनवाई नहीं हुई तो 8 नवंबर को कलेक्टर और एसपी के पास गए, लेकिन वहां से भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद जब इन्हें पता चला कि प्रभारी मंत्री आ रहे हैं तो सभी उनके पास पहुंच गए।

Sanjay Saxena

BSc. बायोलॉजी और समाजशास्त्र से एमए, 1985 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय , मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के दैनिक अखबारों में रिपोर्टर और संपादक के रूप में कार्य कर रहे हैं। आरटीआई, पर्यावरण, आर्थिक सामाजिक, स्वास्थ्य, योग, जैसे विषयों पर लेखन। राजनीतिक समाचार और राजनीतिक विश्लेषण , समीक्षा, चुनाव विश्लेषण, पॉलिटिकल कंसल्टेंसी में विशेषज्ञता। समाज सेवा में रुचि। लोकहित की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना और उस जानकारी को समाचार के रूप प्रस्तुत करना। वर्तमान में डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े। राजनीतिक सूचनाओं में रुचि और संदर्भ रखने के सतत प्रयास।

Related Articles