MP: विजयपुर विधायक बोले- मुझे 5 करोड़ का ऑफर दिया: टीआई- एसडीओपी ने धमकाया कि चुनाव मत लड़ना

विजयपुर। उपचुनाव में बीजेपी प्रत्याशी और वन मंत्री रामनिवास रावत को हराकर विधायक बने कांग्रेस के मुकेश मल्होत्रा ने बड़ा आरोप लगाया है। मुकेश मल्होत्रा ने कहा कि विजयपुर से उम्मीदवारी के लिए जब मेरा नाम चल रहा था, तब मुझे धमकाया गया, मुझे लालच दिया गया।

कांग्रेस ने विधायक ने आरोप लगाया कि रामनिवास रावत के रिश्तेदार जो टीआई है, एसडीओपी के साथ मेरे पास आए थे। उन्होंने मुझसे कहा कि तुम्हें चुनाव नहीं लड़ना है, नहीं तो तुम समझ सकते हो हम क्या कर सकते हैं। मुकेश मल्होत्रा ने कहा कि मुझे 5 करोड़ रुपए का ऑफर दिया गया, कहा गया कि 2 करोड़ रुपए अभी ले लो, 3 बाद में ले लेना।

डकैत बुलाकर मुझे मारने की कोशिश की गई

विधायक मुकेश मल्होत्रा ने कहा कि जब मैंने चुनाव लड़ा तो मुझे मारने की कोशिश की गई। बीजेपी ने डकैतों को बुलाकर मुझे मारने की कोशिश की। लेकिन मैं डरा नहीं और चुनाव लड़ा। पुलिस और अधिकारी सभी लोग बीजेपी के इशारे पर काम कर रहे थे। बूथ पर बैठे हमारे एंजेटों तक को अगवा किया गया, नहीं तो हम 50 हजार वोटों से चुनाव जीतते।

बता दें कि विजयपुर से नवनिर्वाचित कांग्रेस विधायक गुरुवार को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय पहुंचे थे। जहां प्रदेश कांग्रेस के नेताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। पीसीसी चीफ जीतू पटवारी ने उन्हें शुभकामनाएं दी।

मुझसे कहा कि आप अपना फार्म खींच लेना
कांग्रेस विधायक ने कहा- हमें कहा गया कि आप फार्म खींच लेना, मैंने उन्हें जवाब दिया कि मुकेश मल्होत्रा बिकने वाला आदिवासी नहीं है। हम स्वाभिमानी लोग हैं। इसके बाद पूरा चुनाव निकल गया, उन्होंने मुझसे कोई संपर्क नहीं किया। वे हमारे लोगों को डराते धमकाते रहे। मेरे सामने और कार्यकर्ताओं के सामने कई चुनौती आई थी। इस चुनाव से साबित हो गया कि किसी भी गरीब मजदूर किसान का बेटा अगर मेहनत और ईमानदारी से काम करेगा, क्षेत्र के लिए लड़ेगा तो कोई भी विधायक बन सकता है।

हमारे कार्यकर्ताओं को डराया धमकाया गया
कांग्रेस विधायक ने आरोप लगाया कि चुनाव में हमारे लोगों को डराया धमकाया गया, क्योंकि वहां अधिक संख्या में आदिवासी वोटर हैं। लगभग 80 हजार के आसपास। उनकी सोच यह थी कि आदिवासी किसी नेता या वोटर को मार दिया जाए, जिससे मातम का माहौल हो जाए और कोई वोट डालने नहीं जाए। कांग्रेस विधायक ने आरोप लगाया कि बीजेपी के लोगों ने डकैतों को बुलाया, लोगों पर गोलियां चलवाई, कई गांव में गोलियां चली और लोगों के साथ मारपीट हुई। गुंडागर्दी और आतंक से चुनाव जीतने की कोशिश की गई। प्रशासन ने उन्हें खुली छूट दे रखी थी।

नेता प्रतिपक्ष बोले-चुनाव में बीजेपी को चप्पल पड़ी
मल्होत्रा ने नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार से भी मुलाकात की। मल्होत्रा चप्पल पहनकर पहुंचे थे। वे नेता प्रतिपक्ष के पैर छूने के लिए झुके तो सिंघार ने उन्हें गले लगा लिया। विधायक से मुलाकात के बाद नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा- चप्पलें तो बीजेपी को पड़ी हैं। जिस प्रकार से आप देख रहे हैं। हमारे विधायक भले ही हवाई चप्पल पहनते हैं लेकिन, बगैर चप्पल मारे जिस प्रकार बीजेपी को इस चुनाव में चप्पलें पड़ी हैं। चाहे किसान हों या आदिवासी हों, ये भाजपा के लिए आत्ममंथन का विषय है।

सिंघार ने जीत का श्रेय नीटू सिकरवार को दिया
भाजपा सिद्धांतों और चरित्र की बात करती है लेकिन विजयपुर में साम-दाम और दंड-भेद का प्रयोग किया गया। ये कार्यकर्ता और आम जनता की जीत है। जीत का श्रेय वहां मुकेश मल्होत्रा की मेहनत रही है और लोकसभा चुनाव हारने के बाद नीटू सिकरवार वहां लगे रहे। हमारे विधायकों सहित सभी कार्यकर्ता वहां लगे थे लेकिन महत्वपूर्ण जवाबदारी नीटू सिकरवार की थी।

Sanjay Saxena

BSc. बायोलॉजी और समाजशास्त्र से एमए, 1985 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय , मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के दैनिक अखबारों में रिपोर्टर और संपादक के रूप में कार्य कर रहे हैं। आरटीआई, पर्यावरण, आर्थिक सामाजिक, स्वास्थ्य, योग, जैसे विषयों पर लेखन। राजनीतिक समाचार और राजनीतिक विश्लेषण , समीक्षा, चुनाव विश्लेषण, पॉलिटिकल कंसल्टेंसी में विशेषज्ञता। समाज सेवा में रुचि। लोकहित की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना और उस जानकारी को समाचार के रूप प्रस्तुत करना। वर्तमान में डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े। राजनीतिक सूचनाओं में रुचि और संदर्भ रखने के सतत प्रयास।

Related Articles