MP: टैरर फंडिंग और मनी लांड्रिंग पर रोक लगाने इंदौर में बनेगी रणनीति: विवेक अग्रवाल

ईएजी प्लेनर 4 की 41वीं बैठक में देश विदेश के 200 प्रतिनिधि लेंगे हिस्सा

इंदौर। 41वीं यूरेशियन ग्रुप प्लेनरी एंड वर्किंग ग्रुप्स की बैठक 25 से 29 नवंबर के बीच इंदौर में होगी। इसमें विभिन्न देशों के लगभग दो सौ प्रतिनिधि शामिल होंगे। इनके साथ ही भारत सरकार की केंद्रीय मंत्री निर्मला सीतारमन, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और प्रदेश के मंत्री भी मौजूद रहेंगे। ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में आयोजित इस बैठक के लिए सरकार की तैयारियां चल रही हैं। भारत सरकार के अतिरिक्त सचिव विवेक अग्रवाल ने ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में समीक्षा बैठक ली। बैठक में मनी लॉन्ड्रिंग और आतंकवाद को हो रही फंडिंग के खिलाफ रणनीति बनाई जाएगी।
केंंद्र के अतिरिक्ति सचिव विवेक अग्रवाल ने कहा कि भारत में यह बैठक लगभग 16 वर्षों के बाद आयोजित हो रही है। इस प्रतिष्ठा पूर्ण आयोजन में सभी तैयारियां मानकों के अनुरूप की जाए। उन्होंने बताया कि यह बैठक मुख्य रूप से मनी लांड्रिंग एवं आतंकवाद के वित्त पोषण के खिलाफ रणनीति बनाने के उद्देश्य से हो रही है। इस बैठक में देश की वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमन के साथ ही दुनिया भर के दो सौ प्रतिनिधि शामिल होंगे।
अग्रवाल ने बताया कि विश्व भर में टैरर फंडिंग और मनी लांड्रिंग जिस तेजी से बढ़ रही है, उसे देखते हुए यह ग्रुप बनाया गया है। इसका एक हिस्सा यूरेशिया ग्रुप है, इसकी साल में दो बार क्लीनरी मीटिंग होती है। इस ग्रुप में यूरोप और एशिया के देश शामिल हैं। इस बार इंदौर में हो रही है। विश्व में और इस रीजन में जिस प्रकार के टेरर फंडिंग और मनी लांड्रिंग के रिस्क पर चर्चा और काउंटर करने के लिए रणनीति बनाएंगे। भारत का जब इवैल्युऐशन हुआ तो एफएटीए की रैंकिंग में भारत की टाप में आया है। मनी लांड्रिंग और टैरर फंडिंग के मामलों में जिस तरह से हम अपनी एजेंसियों के माध्यम से काम कर रहे हैं, उसमें भारत को बेहतर माना गया है। इंदौर में बैठक हो रही है तो यह शहर अपनी विशेषताओं को बता पायेगा। यहां आने वाले लोग भारतीय और शहर की संस्कृति से परिचित होंगे। इंदौर के बारे में विश्व के लोगों को जितनी जानकारी दे सकते हैं, दें। यह गर्व का विषय केवल इंदौर ही नहीं, मध्यप्रदेश के लिए भी होगा। हमने इंदौर को इसीलिए इस बैठक को चुना, क्योंकि यह न केवल ऐतिहासिक शहर है, अपितु सांस्कृतिक विरासत और स्वच्छता को लेकर देश-दुनिया में इसकी अपनी ब्रांडिंग है।
उन्होंने कहा कि यदि भारत के आसपास के देश गड़बड़ करते हैं तो एफएटीएफ के माध्यम से उन पर दबाव बना सकते हैं। देश का फाइनेंसियल सिस्टम स्ट्रांग होगा तो विदेशी निवेश भी अधिक आयेगा। वित्तीय सुरक्षा निवेश के मामलों में सबसे महत्वपूर्ण होता है। देश में जब बैठक होती है तो वहां के लोग यहा आकर यहां के सिस्टम को देखते हैं तो अपने देश में जाकर उसकी चर्चा करते हैं। इससे हमारे देश के सिस्टम और माहौल को लेकर वहां अनुकूल माहौल बनता है और वहां के लोग यहां आकर अधिक निवेश करते हैं।
इस तैयारी बैठक में संभागायुक्त दीपक सिंह, कलेक्टर आशीष सिंह एवं आयोजन से जुड़े सभी अधिकारी उपस्थित थे। कलेक्टर ने बैठक में अब तक की गई तैयारियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि एयरपोर्ट इंदौर में आगमन के समय प्रदेश की सांस्कृतिक झलक भी प्रस्तुत की जाएगी। सभी अतिथियों का भारतीय परंपरा के अनुरूप स्वागत किया जाएगा। संभागायुक्त दीपक सिंह के मार्गदर्शन में इंदौर के प्रतिष्ठित डेली कॉलेज एवं धार जि़ले के मांडव भ्रमण सहित इंदौर के प्रमुख पर्यटक स्थलों मे डेलीगेट्स के भ्रमण की व्यवस्था सुनिश्चित कर ली गई है। इस आयोजन की स्मृति को चिरस्थायी स्वरूप देने के लिए आयोजन स्थल के निकट ही वृक्षारोपण के लिए स्थान चयनित किया गया है।
मध्य प्रदेश के औद्योगिक विकास को प्रदर्शित करते हुए एक प्रदर्शनी का आयोजन भी प्रस्तावित है। साथ ही वहाँ पर मृगनयनी के माध्यम से के वस्त्रों की एक प्रदर्शनी का काउंटर भी लगाया जाएगा। श्री विवेक अग्रवाल ने दिल्ली से आए अन्य अधिकारियों के साथ आयोजन स्थल का निरीक्षण किया एवं व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

Sanjay Saxena

BSc. बायोलॉजी और समाजशास्त्र से एमए, 1985 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय , मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के दैनिक अखबारों में रिपोर्टर और संपादक के रूप में कार्य कर रहे हैं। आरटीआई, पर्यावरण, आर्थिक सामाजिक, स्वास्थ्य, योग, जैसे विषयों पर लेखन। राजनीतिक समाचार और राजनीतिक विश्लेषण , समीक्षा, चुनाव विश्लेषण, पॉलिटिकल कंसल्टेंसी में विशेषज्ञता। समाज सेवा में रुचि। लोकहित की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना और उस जानकारी को समाचार के रूप प्रस्तुत करना। वर्तमान में डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े। राजनीतिक सूचनाओं में रुचि और संदर्भ रखने के सतत प्रयास।

Related Articles