MP : चूहों ने खोखला किया पुल.. ! सिंधिया के आदेश पर जांच के लिए पहुंचे अधिकारी

अशोकनगर। अशोकनगर शहर में पुराने ओवरब्रिज के टूटने के बाद अब जिला प्रशासन का इस पर ध्यान गया है. तमाम अधिकारी इस समस्या के समाधान में जुट गए हैं. दरअसल, शहर में बने 30 साल पुराने पुराने ओवर ब्रिज में दो दिन पहले बड़ा गड्ढा देखा गया और देखते ही देखते ओवर ब्रिज की सीसी पूरी तरह टूट गई और पूरा ब्रिज एक बड़े गड्ढे में तब्दील हो गया. इस पुल की स्थिति इतनी खराब हो चुकी थी कि इस कारण पुल का एक बड़ा हिस्सा टूट गया, जिससे यहां से गुजरने वाले लोगों को परेशानी हो रही थी और जब मामला स्थानीय सांसद व केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के संज्ञान में आया, तो उनके निर्देश पर ब्रिज कॉर्पोरेशन के अधिकारियों ने पुल का जायजा लिया।

रविवार को ग्वालियर से ब्रिज कॉर्पोरेशन के कार्यपालन यंत्री रविन्द्र शर्मा इस मामले का जायजा लेने के लिए अशोकनगर पहुंचे. उन्होंने पुराने पुल का निरीक्षण करने के बाद यहां बढ़ते यातायात के दबाव को देखते हुए नए ओवरब्रिज बनाने के लिए नए जगह का चयन भी किया।

35 साल पहले माधव राव सिंधिया ने बनाया था पुल
मूल रूप से यह पुल 35 साल पहले तत्कालीन सांसद स्व. माधवराव सिंधिया ने बनवाया था. यह पुल शहर के ट्रैफिक को सुधारने के लिए बनाया गया था ताकि रेलवे लाइन के दोनों पार के लोग आसानी से आ-जा सकें. लेकिन समय के साथ इस पुल पर ट्रैफिक का दबाव बढ़ता गया और यह अब जर्जर हो गया. साथ ही चूहों ने इसके अंदर अपने बिल बना लिए थे जिससे पुल की सीसी का एक बड़ा हिस्सा टूट गया और उसमें एक बड़ा गड्ढा बन गया. इस कारण लोगों को आने-जाने में काफी दिक्कतें हो रही थीं और दुर्घटना का डर भी बढ़ गया था।

सुधारने की कवायद शुरू
अब इस पुराने पुल को ाठीक करने की योजना बनाई जा रही है ताकि यह आगे भी इस्तेमाल हो सके. इसके साथ ही नए ओवरब्रिज का निर्माण भी किया जाएगा. इस मौके पर सांसद प्रतिनिधि सतेंद्र भारिल और अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधि भी मौजूद थे. ब्रिज कॉर्पोरेशन के अधिकारियों ने पुल के आसपास के स्थानों का जायज़ा लिया और नए पुल के निर्माण के लिए जगह का चुनाव किया।

Sanjay Saxena

BSc. बायोलॉजी और समाजशास्त्र से एमए, 1985 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय , मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के दैनिक अखबारों में रिपोर्टर और संपादक के रूप में कार्य कर रहे हैं। आरटीआई, पर्यावरण, आर्थिक सामाजिक, स्वास्थ्य, योग, जैसे विषयों पर लेखन। राजनीतिक समाचार और राजनीतिक विश्लेषण , समीक्षा, चुनाव विश्लेषण, पॉलिटिकल कंसल्टेंसी में विशेषज्ञता। समाज सेवा में रुचि। लोकहित की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना और उस जानकारी को समाचार के रूप प्रस्तुत करना। वर्तमान में डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े। राजनीतिक सूचनाओं में रुचि और संदर्भ रखने के सतत प्रयास।

Related Articles