MP: अब पचास रुपए में होंगे खजराना गणेश के दर्शन… गर्भगृह के लिए कलेक्टर की अनुमति जरूरी
इंदौर। खजराना गणेश मंदिर में दूर दूर से लोग अपनी मनोकामनाएं पूरी करने के लिए आते हैं। महाकाल मंदिर और प्रदेश के अन्य मंदिरों की तर्ज पर अब यहां पर भी दर्शन के लिए फीस लगना शुरू हो गई है। खजराना गणेश मंदिर के मुख्य पुजारी अशोक भट्ट के मुताबिक खजराना गणेश मंदिर में यह नई व्यवस्था कलेक्टर आशीष सिंह और मंदिर प्रशासन की सहमति के बाद शुरू की गई है। हालांकि कलेक्टर का कहना है कि ऐसे निर्णय के बारे में कोई चर्चा भी नहीं हुई है। मंदिर से जुड़ा कोई भी निर्णय प्रबंध समिति की बैठक में ही हो सकता है और आचार संहिता लागू होने के कारण बैठक नहीं हो सकती है।
खजराना गणेश मंदिर में प्रथल गैलरी से दर्शन के लिए 50 रुपए दर्शन शुल्क लग रहा है। यदि दो लोग यानी पति पत्नी जाते हैं तो सौ रुपए शुल्क लगेगा। बच्चों का शुल्क नहीं लगेगा। इसके लिए सीढ़ियों के पास में ही काउंटर टेबल लगाई गई है। सीढ़ियों पर चढ़ते ही आपको यह काउंटर टेबल दिख जाएगी। यहां से रसीद कटाकर भक्त प्रथम गैलरी से भगवान के दर्शन कर सकते हैं। इस गैलरी के पीछे एक कॉमन गैलरी बनी है जहां से दर्शन के लिए कोई शुल्क नहीं देना होगा।
गर्भगृह में दर्शन के लिए कलेक्टर की अनुमति जरूरी
मुख्य पुजारी अशोक भट्ट ने बताया कि गर्भगृह में मूर्ति के पास से दर्शन और पूजा के लिए कलेक्टर आशीष सिंह से अनुमति लेना होगी। बिना अनुमति के किसी को भी मंदिर के गर्भगृह में दर्शन नहीं दिया जाएगा। इसके लिए मंदिर आने से पहले ही कलेक्टर के यहां अनुमति का आवेदन लगाना होगा।





