MP: कैलाश मकवाना होंगे मध्य प्रदेश के अगले पुलिस महानिदेशक
Bhopal। कैलाश मकवाना मध्य प्रदेश के अगले पुलिस महानिदेशक होंगे। आज रात को उनके आदेश जारी कर दिए गए हैं। वे एक दिसंबर को कार्यभार ग्रहण करेंगे।
कैलाश मकवाना 1988 बैच के आईपीएस अफसर हैं. उनकी नियुक्ति 30 अगस्त 1988 को हुई थी. अब जब मध्य प्रदेश के डीजीपी सुधीर सक्सेना का कार्यकाल 30 नवंबर को खत्म हो रहा है। इसके बाद मकवाना कार्यभार संभालेंगे।
मूल रूप से मध्य प्रदेश के रहने वाले कैलाश मकवाना काफी पढ़े-लिखे हैं. ips.gov.in पर उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, कैलाश मकवाना ने बीई किया है. इसके अलावा एमटेक की भी पढ़ाई की है. कैलाश मकवाना के एक्स प्रोफाइल पर उन्होंने खुद को आईआईटी से एमटेक बताया है।
कैलाश मकवाना की गिनती तेज-तर्रार आईपीएस अफसरों में होती है. उन्हें वर्ष 2022 में विशेष पुलिस स्थापना लोकायुक्त में महानिदेशक बनाया गया था. इस दौरान उन्होंने एक आईएएस और एक आईएफएस अफसर के खिलाफ भ्रष्टाचार का मामला भी दर्ज कराया था. इसी बीच महाकाल लोक कॉरिडोर की जांच शुरू हो गई, जिसके बाद उन्हें यहां से ट्रांसफर कर दिया गया और मकवाना को मप्र पुलिस हाउसिंग कॉरपोरेशन में चेयरमैन बना दिया गया. तब से वह इसी पद पर तैनात हैं।
साढ़े तीन साल में सात बार ट्रांसफर
कैलाश मकवाना ने एक दौर यह भी देखा, जिस दौरान उनके खूब तबादले हुए. साढ़े तीन साल में उनके सात बार ट्रांसफर हुए. जब मध्य प्रदेश में कमलनाथ सरकार बनी, तो महज एक साल में उनका तीन बार ट्रांसफर किया गया।






