MP: मुख्यमंत्री ने 362 अधिकारियों को नियुक्ति पत्र दिए, बोले –  हमारे मन में अहंकार न हो

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने नए अधिकारियों को संदेश दिया है कि अधिकारी का मतलब अधिक कार्य करने वाला होना चाहिए। उन्होंने कहा- हम सभी को यह ध्यान रखना होगा कि हमारे मन में अहंकार न हो। एक अधिकारी का काम सेवा भाव से जनता के हित में काम करना है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव रविंद्र भवन में आयोजित कार्यक्रम में 362 नव चयनित शासकीय अधिकारियों और कर्मचारियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। इसमें किसान कल्याण और कृषि विकास विभाग के 256 कृषि विस्तार अधिकारी, पशुपालन और डेयरी विभाग के 70 सहायक पशु चिकित्सक, और राजस्व विभाग के 36 नायब तहसीलदार शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने कहा-अब वह समय गया जब एग्रीकल्चर की पढ़ाई के लिए केवल कृषि महाविद्यालय अनिवार्य था। अब प्रदेश के सभी महाविद्यालयों में बीएससी एग्रीकल्चर कोर्स पढ़ाया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि विटनरी के मामले में भी राज्य सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। विश्वविद्यालयों को मेडिकल कॉलेज खोलने की अनुमति दी गई है।
गौपालन और किसान कल्याण पर जोर
सीएम यादव ने गौपालन को प्रोत्साहित करने की योजनाओं पर प्रकाश डालते हुए कहा, हम किसानों की आय बढ़ाना चाहते हैं। गौमाता का दूध किसानों के लिए रोज पैसे लाने का माध्यम बन सकता है। जो किसान 10 गाय पालेंगे, उन्हें अनुदान दिया जाएगा। यह योजना प्रदेश में गौपालन को बढ़ावा देगी।
उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश में सडक़ों पर लावारिस गौवंश नहीं घूमेंगे। नगरों में मौजूद अपाहिज और लावारिस गायों को गौशालाओं में ले जाया जाएगा। उन्होंने कहा, गौपालन केवल दूध उत्पादन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह पूरे प्रदेश के विकास में सहायक हो सकता है।
नायब तहसीलदार से नायाब बनने की उम्मीद
सीएम ने नए अधिकारियों को संदेश दिया, नायब तहसीलदार केवल नायब नहीं, बल्कि नायाब बनें। प्रदेश की सेवा में अपना सर्वश्रेष्ठ योगदान दें और जनता के विश्वास को बनाए रखें। आज नियुक्ति पाने वाले अधिकारी अपने काम से सेवा की नई इबारत लिखें।
राजस्व विभाग के नए आयाम
राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा ने कहा-एमपी देश का ऐसा राज्य है, जहां नामांतरण, बंटवारा और सीमांकन का काम तेजी से हो रहा है। उन्होंने साइबर तहसील की पहल का जिक्र करते हुए बताया कि इससे किसानों को पटवारियों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। वर्मा ने कहा, फौती नामांतरण के मामले में अगर 30 दिन से ज्यादा समय लगता है तो संबंधित पटवारी पर कार्रवाई होगी। जो लोग नई नियुक्ति पा रहे हैं, वे यह सुनिश्चित करें कि वे ईमानदारी और समयबद्धता से काम करें।
कृषि मंत्री ने की बड़ी घोषणाएं
किसान कल्याण और कृषि विकास मंत्री एदल सिंह कंसाना ने घोषणा की कि अब ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी को कृषि विस्तार अधिकारी के नाम से जाना जाएगा। उन्होंने सीएम की सराहना करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री हमेशा किसानों और युवाओं की खुशहाली के लिए काम करते हैं।

Sanjay Saxena

BSc. बायोलॉजी और समाजशास्त्र से एमए, 1985 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय , मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के दैनिक अखबारों में रिपोर्टर और संपादक के रूप में कार्य कर रहे हैं। आरटीआई, पर्यावरण, आर्थिक सामाजिक, स्वास्थ्य, योग, जैसे विषयों पर लेखन। राजनीतिक समाचार और राजनीतिक विश्लेषण , समीक्षा, चुनाव विश्लेषण, पॉलिटिकल कंसल्टेंसी में विशेषज्ञता। समाज सेवा में रुचि। लोकहित की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना और उस जानकारी को समाचार के रूप प्रस्तुत करना। वर्तमान में डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े। राजनीतिक सूचनाओं में रुचि और संदर्भ रखने के सतत प्रयास।

Related Articles