MP: सिवनी में BRCC सहित पांच कर्मचारियों को हटाया, चुनाव प्रचार कर रहे थे

सिवनी। जिले में कलेक्टर ने बीआरसीसी अरूण राय, एमआईएस श्रवण साहू व डीए आपरेटर उपमा बर्वे को पद से हटकर जिला शिक्षा केंद्र में अटैच कर दिया और बीएसी मनोज नाग व गजेन्द्र बघेल की प्रतिनियुक्ति समाप्त करके मूल पद स्थापना पर भेज दिया। सभी आचार संहिता के उल्लंघन के दोषी पाए गए हैं।

बीआरसीसी अरूण राय एवं उनके ऑफिस की टीम चुनाव प्रचार कर रही थी। इसी दौरान उन्होंने प्राइवेट स्कूल संचालकों से कम्युनिकेशन के लिए बनाए गए व्हाट्सएप ग्रुप BRCC PRIVET SEONI में पार्टी विशेष का प्रचार किया और एक प्रत्याशी को वोट देने की अपील की। सिर्फ इतना ही नहीं उन्होंने व्हाट्सएप ग्रुप की डीपी में भी प्रत्याशी का नाम लिखा। आचार संहिता के उल्लंघन की शिकायत मिलने के बाद सहायक रिटर्निंग अधिकारी, लोकसभा क्षेत्र क्र. 15-बालाघाट (विस क्षेत्र क्र.115-सिवनी) द्वारा शिकायत की जांच की गई।

सहायक रिटर्निग ऑफिसर की ओर से कलेक्टर को प्रस्तुत प्रतिवेदन में बताया गया कि, शिकायत सही पाई गई है। व्हाट्सएप ग्रुप में दिनांक 11 अप्रैल को दोपहर 2:33 बजे पॉलिटिकल पोस्ट की गई। ग्रुप की डीपी में राष्ट्रीय ध्वज लगाया गया और एक नेता का नाम लिखा गया। जांच में दोषी पाए जाने के बाद, जिला निर्वाचन अधिकारी व कलेक्टर क्षितिज सिंघल ने ग्रुप एडमिन बीआरसीसी अरूण राय, MIS श्रवण साहू व डीए आपरेटर उपमा बर्वे को जनपद शिक्षा केंद्र से हटाकर जिला शिक्षा केंद्र कार्यालय में में संलग्न कर दिया है। बीएसी मनोज नाग व बीएसी गजेन्द्र बघेल की प्रतिनियुक्ति समाप्त कर मूल पदस्थापना संस्था तत्काल प्रभाव से कार्यमुक्त कर दिया है।

Sanjay Saxena

BSc. बायोलॉजी और समाजशास्त्र से एमए, 1985 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय , मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के दैनिक अखबारों में रिपोर्टर और संपादक के रूप में कार्य कर रहे हैं। आरटीआई, पर्यावरण, आर्थिक सामाजिक, स्वास्थ्य, योग, जैसे विषयों पर लेखन। राजनीतिक समाचार और राजनीतिक विश्लेषण , समीक्षा, चुनाव विश्लेषण, पॉलिटिकल कंसल्टेंसी में विशेषज्ञता। समाज सेवा में रुचि। लोकहित की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना और उस जानकारी को समाचार के रूप प्रस्तुत करना। वर्तमान में डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े। राजनीतिक सूचनाओं में रुचि और संदर्भ रखने के सतत प्रयास।

Related Articles