Fit India Club Bhopal: केंद्रीय मंत्री ने किया था उद्घाटन, आज अपने हाल पर रो रहा है…

भोपाल। इस साल के शुरुआत में 19 जनवरी को राजधानी भोपाल के गौतम नगर में देश का पहला फिट इंडिया क्लब खोला गया। इसका उद्घाटन केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया, सीएम डॉ. मोहन यादव और खेल मंत्री विश्वास सारंग ने किया था। लेकिन कुछ महीनों में ही ये अनफिट हो गया। आज वहां खंडहर है, कुछ मशीनें और टूटा फूटा फर्श स्वस्थ भरत का पैगाम दे रहा है।

इस दौरान मंत्री सारंग ने कहा था कि पहले चरण में यह क्लब बनकर तैयार है। दूसरे चरण के लिए भूमिपूजन किया गया है। उन्होंने बताया कि जिस जगह पर फिट इंडिया क्लब खोला गया है, वहां पहले गड्डा था। जिसमें अगर कार भी खड़ी हो जाए तो वो दिखाई नहीं देती थी। वहीं यहां पर सीवेज की लाइन भी थी। इसकी हालात बदलकर यहां पर यह क्लब खोला गया है।

उद्घाटन के दूसरे ही दिन मशीनों को हटाया
यहां के लोगों ने बताया कि इसके उद्घाटन के दूसरे ही दिन मशीनें नहीं थी। जिस जगह पर जिम की मशीनें रखी गयी थी अभी वहां पर खाली जगह हैं। लोगों ने बताया कि मशीनों को जिस जगह लगाया गया था वहां की जमीन बराबर नहीं थी। उसे जैसे तैसे लगाया गया था। इसलिए उद्घाटन के दूसरे ही दिन हटा दिया गया।
वहीं यहां पर लाइब्रेरी के लिए एक केबिन भी बनाया गया था। लाइब्रेरी का केबिन कांच से बना था। जिसके आर पार सबकुछ दिखता था। जहां पर किताबें और अखबार रखे गए थे। लेकिन अब किताबों की जगह सिर्फ कांच के बने केबिन ही हैं।
फव्वारे की जगह अब सिर्फ गड्डा बचा
गौतम नगर स्थित संजीवनी के पास बने पहले फिट इंडिया क्लब की हालत एकदम खस्ता है। उद्घाटन के दिन जिस जगह पर फव्वारे लगाए गए थे। अभी वहां पर सिर्फ गड्डे बचे है। वहीं लोगों की सेहत को देखते हुए एक आर्गेनिक जूस का स्टॉल भी लगाया गया था। लेकिन अब आर्गेनिक जूस की जगह सिर्फ स्टॉल बचा है। एक्युप्रेशर ट्रैक और पाथवे की हालात इतनी खराब है कि वो अभी से टूटने लगा है।
सिर्फ 8 दिन में बनकर तैयार हुआ क्लब
देश के पहले फिट इंडिया क्लब का निर्माण तेजी से किया गया। जिस मैदान पर इसे बनाया गया, वह अभी भी उबड़-खाबड़ है। बता दें कि खेल विभाग और नगर निगम ने मिलकर इसे आठ से दस दिनों के अंदर तैयार किया था। वहीं उद्घाटन के समय भी मैदान में लेवलिंग का काम जारी था।
खेल अधिकारी रुबिका दीवान ने बताया कि फिट इंडिया क्लब को जल्दबाजी में तैयार किया गया था। केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया आने वाले थे। अभी उसमें काम चल रहा हैं। फिलहाल बाउंड्री बनाई जा रही है। हमने नगर निगम कमिश्नर से एमओयू करके उसे हस्तांतरित करने की बात कही है।अगर निगम की ओर से सहमति मिलती है तो फिर इसकी देखरेख खेल विभाग करेगा। अभी नगर निगम भी उसमें काम कर रहा है। जिम की मशीनें निकालने को लेकर उन्होंने कहा कि चूंकि शुरुआत में मशीनें लगाई गई थी फिक्स नहीं थी तो छोटे बच्चों के खेलने कूदने के दौरान कई मशीनें निकल गई थी। उन्हें फिर से फिक्स किया जाएगा। बच्चों के लिए प्लेग्राउंड में 17 आइटम लगाएं जाएंगे।
पीएम मोदी के फिट इंडिया मूवमेंट का हिस्सा
बता दें कि फिट इंडिया क्लब प्रधानमंत्री मोदी के फिट इंडिया मूवमेंट का हिस्सा है। जिसकी शुरुआत पीएम मोदी ने 29 अगस्त साल 2019 में किया था। इस मूवमेंट का उद्देश्य लोगों के व्यवहार में बदलाव लाना और शारीरिक रूप से उन्हें अधिक सक्रिय जीवनशैली की ओर बढ़ना है। इसके माध्यम से देश के सभी आयु वर्ग के लोग जिसमें बच्चे, युवा, बुर्जुग और महिलाएं के अच्छे सेहत की बात कही गई थी।

screenshot 20250417 1544585175244871536452483

Sanjay Saxena

BSc. बायोलॉजी और समाजशास्त्र से एमए, 1985 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय , मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के दैनिक अखबारों में रिपोर्टर और संपादक के रूप में कार्य कर रहे हैं। आरटीआई, पर्यावरण, आर्थिक सामाजिक, स्वास्थ्य, योग, जैसे विषयों पर लेखन। राजनीतिक समाचार और राजनीतिक विश्लेषण , समीक्षा, चुनाव विश्लेषण, पॉलिटिकल कंसल्टेंसी में विशेषज्ञता। समाज सेवा में रुचि। लोकहित की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना और उस जानकारी को समाचार के रूप प्रस्तुत करना। वर्तमान में डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े। राजनीतिक सूचनाओं में रुचि और संदर्भ रखने के सतत प्रयास।

Related Articles