MP : पूर्व EPFO अधिकारी पर कसा ईडी का शिकंजा, अटैच की 50 लाख रुपए की संपत्ति

इंदौर। प्रवर्तन निदेशालय ने मध्य प्रदेश के एक पूर्व EPFO अधिकारी और उनके परिवार की 50 लाख रुपए से ज्यादा की संपत्ति PMLA (धन शोधन निरोधक कानून) के तहत जब्त कर ली है। एजेंसी ने पूर्व अधिकारी के खिलाफ यह कार्रवाई आय से अधिक संपत्ति रखने और रिश्वतखोरी से जुड़े एक मामले को लेकर की। इस बारे में एक बयान जारी करते हुए ईडी ने बताया कि आरोपी अधिकारी श्यामलाल अखंड के खिलाफ मंगलवार को धन शोधन निवारण अधिनियम के तहत एक अंतरिम आदेश जारी किया गया था, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई।

ईडी के अनुसार कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) में एक प्रवर्तन अधिकारी रहते हुए अखंड ने अपने आधिकारिक पद का दुरुपयोग किया और साल 2009 और 2019 के बीच की जांच अवधि के दौरान अपनी ज्ञात वैध आय से कहीं ज्यादा संपत्ति अर्जित की, जो कि उन्होंने अवैध कमाई के जरिए बनाई थी। जांच में पाया गया कि अखंड रिश्वत मांगने और लेने सहित कई भ्रष्ट गतिविधियों में लिप्त थे, साथ ही उन्होंने अपराध की आय का उपयोग अपने, अपनी पत्नी और बेटे के नाम पर अचल संपत्तियां अर्जित करने के लिए भी किया।

ईडी की तरफ से जारी बयान में बताया कि कुर्क की गई संपत्तियों में मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले के नलवा गांव में स्थित एक कृषि भूमि शामिल है, जो उनकी पत्नी और बेटे के नाम पर संयुक्त रूप से है, और इंदौर जिले के जख्या गांव की एमराल्ड सिटी में एक आवासीय भूखंड भी है, जो अखंड के नाम पर पंजीकृत है। ईडी के अनुसार, इन संपत्तियों का मूल्य करीब 51 लाख रुपए है।
आरोपी अधिकारी के खिलाफ धन शोधन का यह मामला सीबीआई की तरफ से अखंड के खिलाफ दर्ज की गई दो FIR से जुड़ा है, जिनमें से एक रिश्वत लेने से जुड़ा है और दूसरा उनकी आय के ज्ञात स्रोतों से ज्यादा संपत्ति रखने का है।

Sanjay Saxena

BSc. बायोलॉजी और समाजशास्त्र से एमए, 1985 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय , मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के दैनिक अखबारों में रिपोर्टर और संपादक के रूप में कार्य कर रहे हैं। आरटीआई, पर्यावरण, आर्थिक सामाजिक, स्वास्थ्य, योग, जैसे विषयों पर लेखन। राजनीतिक समाचार और राजनीतिक विश्लेषण , समीक्षा, चुनाव विश्लेषण, पॉलिटिकल कंसल्टेंसी में विशेषज्ञता। समाज सेवा में रुचि। लोकहित की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना और उस जानकारी को समाचार के रूप प्रस्तुत करना। वर्तमान में डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े। राजनीतिक सूचनाओं में रुचि और संदर्भ रखने के सतत प्रयास।

Related Articles