MP: आचार संहिता हटते ही होगी मध्य प्रदेश में प्रशासनिक सर्जरी
भोपाल। आदर्श आचार संहिता के हटते ही मध्य प्रदेश में बड़ी प्रशासनिक सर्जरी होने की जानकारी सामने आ रही है। इसके लिए तैयारी शुरू कर दी गई है।
सूत्रों के अनुसार प्रशासनिक सर्जरी के तहत युवा आईएएस और आईपीएस अफसरों को बड़े जिलों की कमान मिल सकती है। मंत्रालय सूत्रों के मुताबिक प्रशासनिक सर्जरी को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मुख्य सचिव वीणा राणा से चर्चा हो चुकी है। मुख्य सचिव कार्यालय मुख्यमंत्री की मंशा अनुसार ग्रेडेशन लिस्ट के आधार पर अफसरों के नाम की सूची तैयार कर रहा है।
माना जा रहा है कि आईएएस अफसरों की नई पदस्थापना चुनावी फीडबैक और आदर्श आचार संहिता के दौरान जिलों में अफसरों की समीक्षा के आधार पर होगी। जिनका फीडबैक खराब होगा, ऐसे आईएएस ऑफिसर मंत्रालय भेजे जाएंगे। नेताओं व विधायकों से पटरी नहीं बैठने के कारण कई मैदानी अफसर हटाए जा सकते हैं। मुख्य सचिव की ओर से सूची तैयार कर सीएम को भेजी जाएगी। सीएम की मोहर लगने के बाद सूची जारी होगी।





