MP: वीडी शर्मा ने अक्षय बम को बताया खोटा सिक्का…?

इंदौर। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा ने इंदौर में अक्षय कांति बम का नाम लिए बिना कांग्रेस पर हमला किया, कहा कि आपका सिक्का खोटा निकला तो लोग नोटा पर क्यों वोट डालें? कांग्रेस धरातल की ओर जा रही है। जीतू पटवारी कांग्रेस को समापन की ओर बढ़ा रहे हैं।
शर्मा ने कहा मध्यप्रदेश और देश की जनता अब कांग्रेस पार्टी को वोट नहीं देने वाली, जो पार्टी खजुराहो और इंदौर सहित देश की कई सीटों पर अपने प्रत्याशी तक खड़ा नहीं कर पाई वो नोटा का बटन दबाने की बात कह रहे हैं। देश के आजाद होने के बाद महात्मा गांधी जी ने कांग्रेस को खत्म करने की बात कही थी। जीतू पटवारी गांधी जी के उस सपने को पूरा करने पर तुले हुए हैं।
बड़े दुर्भाग्य की बात है कि देश में विपक्ष नहीं हैं। देश में जो विपक्षी दल है वह सब अपने परिवारों के लिए राजनीति कर रहे हैं। जीतू पटवारी का बयान मध्यप्रदेश की साढ़े 8 करोड़ की जनता का अपमान है।
प्रदेश में कांग्रेस का खाता नहीं खुलेगा
शर्मा ने मीडिया से चर्चा में आगे कहा कि मध्यप्रदेश सहित देश के कांग्रेस नेतृत्व में घोर निराशा व हताशा का माहौल बना हुआ है। कांग्रेस ने इंदौर की जनता के साथ धोखा किया है। खजुराहो में कांग्रेस ने मैदान छोड़ा, समाजवादी पार्टी को समर्थन दिया। उसने भी प्रत्याशी बदला, फिर दूसरे प्रत्याशी ने गलत फार्म भरकर मैदान छोड़ दिया। देश की कई सीटों पर कांग्रेस उम्मीदवार खड़ा नहीं कर पाई, इससे स्पष्ट होता है कि कांग्रेस में एक भी सीट नहीं मिलेगी, वह यहां खाता भी नहीं खोल पाएगी। उन्होंने कहा नोटा को वोट देने की अपील करना लोकतंत्र को कमजोर करना है। आपका एक वोट भारत के लोकतंत्र को मजबूत बनाएगा।