MP Cabinet: स्वास्थ्य विभाग में 46491 नए पदों पर भर्ती, डाक्टरों के पदोन्नति वाले 607 पद सीधे भरे जाएंगे

मोहन कैबिनेट ने किसानों के पक्ष में लिए कई फैसले
भोपाल। डॉ. मोहन यादव कैबिनेट की बैठक 89 दिन बाद आज मंत्रालय में हुई। इसमें कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए। कैबिनेट में निर्णय हुआ है कि प्रदेश में प्रमोशन न होने से डॉक्टरों के खाली पड़े 607 पदों को अब सीधी भर्ती से भरा जाएगा।
इसके अलावा 46491 नए पदों का सृजन कर भर्ती करने का फैसला किया गया है। कैबिनेट ने इसके अलावा बिजली सब्सिडी के लिए 24420 करोड़ रुपए की मंजूरी दी है।
नगरीय विकास और आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कैबिनेट के फैसलों की जानकारी देते हुए बताया कि सीएम ने निर्देश दिए थे कि स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार किया जाए। कैबिनेट में इसी के चलते अस्पतालों में खाली पदों की भर्ती का प्रस्ताव लाया गया था, जिसे कैबिनेट ने मंजूरी दी है।
24420 करोड़ की सब्सिडी को मंजूरी
विजयवर्गीय ने बताया कि किसानों को बिजली बिलों पर 24420 करोड़ रुपए की सब्सिडी दी जाएगी। राज्य सरकार यह सब्सिडी अलग-अलग वर्ग के लोगों को दे रही है। घरेलू उपभोक्ताओं को छह हजार करोड़ की सब्सिडी मिलती है। किसानों को सामान्य वर्ग को 13 हजार करोड़ और एससी-एसटी को 5 हजार करोड़ की सब्सिडी मंजूर की गई है।
तीन विश्वविद्यालयों को उच्च शिक्षा से संबद्ध किया
रानी अवंती बाई विश्वविद्यालय सागर, तात्या टोपे विश्वविद्यालय गुना और क्रांति सूर्य टंट्या भील विश्वविद्यालय खरगोन के विवि को उच्च शिक्षा विभाग से संबद्ध करते हुए सुविधाएं देने के लिए कहा गया है।
गोवंश की सुरक्षा, उपचार का निर्णय
विजयवर्गीय ने कहा कि गोवंश रक्षा वर्ष के रूप में यह वर्ष घोषित है। इसमें गोशालाओं को उन्नत करने, सड़क पर घूमने वाले गोवंश को गोशाला तक पहुंचाना, बीमार होने वाले गोवंश को उपचार की सुविधा देने और घायल गोवंश को अस्पताल तक पहुंचाने का काम किया जाएगा।
पीएम मोदी को दी बधाई
कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि लोकसभा चुनाव में बीजेपी को 61 प्रतिशत से अधिक वोट मिले हैं। विधानसभा चुनाव में बीजेपी को 163 सीट मिली थी, लेकिन लोकसभा चुनाव में 207 सीट पर बीजेपी को जीत मिली है। औसत जीत साढ़े तीन लाख रही है, इसलिए मुख्यमंत्री को मंत्रियों ने बधाई दी। इसके साथ ही डॉ. मोहन यादव कैबिनेट ने प्रधानमंत्री को तीसरी बार पीएम बनने पर बधाई दी है।





