Lok Sabha Chunav : राहुल गांधी पर संविधान के अपमान का आरोप, चुनाव आयोग ने भिंड कलेक्टर से मांगी रिपोर्ट

भोपाल। मध्य प्रदेश के भिंड में मंगलवार को जनसभा के दौरान कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी द्वारा संविधान की प्रति लहरा कर संविधान के प्रति अपमानजनक बातें कहने की शिकायत भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा ने निर्वाचन आयोग से की है। इस पर आयोग ने भिंड कलेक्टर से रिपोर्ट मांगी है।
शर्मा ने राहुल गांधी पर संविधान का अपमान करने और लोगों को उकसाकर हिंसा भड़काने का प्रयास करने का आरोप लगाया है। आरोप में कहा है कि उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, अमित शाह पर चुनाव जीतने के बाद इस किताब(संविधान) को फाड़कर फेंक देने की बात कही। उनका यह भाषण भड़काने वाला और राष्ट्रीय गौरव अपमान निवारण अधिनियम के प्रविधान का उल्लंघन है, इसलिए उनके विरुद्ध कार्रवाई की जाए।
राज्य के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अनुपन राजन ने बताया कि भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष द्वारा की गई शिकायत पर भिंड कलेक्टर से प्रतिवेदन मांगा गया है। इसे आयोग को मार्गदर्शन के लिए भेजा जाएगा।
इस शिकायत पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि संविधान हाथ में लेकर यह कहना कि इसकी रक्षा करना, क्या यह अपमान है। भाजपा नेताओं ने देश के संविधान को बदलने की बात कही है और अब सफाई दे रहे हैं।