Amarwada upchunav: कांग्रेस प्रत्याशी धीरन शाह ने नामांकन भरा, सीएम डॉ. मोहन यादव के बयान पर जीतू पटवारी बोले- ये अहंकार रावण का भी था

भोपाल। अमरवाड़ा से कांग्रेस प्रत्याशी धीरन शाह ने आज नामांकन दाखिल कर दिया।इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

नामांकन भरने के बाद जीतू पटवारी ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के बयान पर कहा, ‘कांग्रेस को उनकी दया की जरूरत नहीं है। ये अहंकार रावण का भी था। मुख्यमंत्री से इसके अलावा ऐसी शब्दावली से ज्यादा आशा भी नहीं की जा सकती।’दो दिन पहले सीएम अमरवाड़ा से बीजेपी प्रत्याशी कमलेश शाह का नामांकन कराने अमरवाड़ा आए थे। वहां  सीएम ने कांग्रेस पर टिप्पणी की थी, ‘वे दया के पात्र हैं।’
पटवारी गुरुवार को कांग्रेस प्रत्याशी धीरन शाह इनवाती के नामांकन में पहुंचे थे। बुधवार को ही बतौर पार्टी उम्मीदवार उनके नाम की घोषणा की गई थी।
नामांकन रैली में विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, पूर्व मंत्री सुखदेव पांसे, पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा, प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष गंगा प्रसाद तिवारी, जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विश्वनाथ ओकटे, छिंदवाड़ा जिले से कांग्रेस के 6 विधायक शामिल हुए।

पटवारी बोले- सरकार अहंकार में

इसके पहले हुई सभा में जीतू पटवारी ने कहा, ‘आंचलकुंड दादा दरबार धाम से अभी तक हमने आशीर्वाद लिया है, अब उन्हें कुछ देने का समय आ गया है।’ उन्होंने कहा, ‘मध्यप्रदेश सरकार अहंकार में है। लाड़ली बहनों को 3000 रुपए देने का वादा किया और दे नहीं हरे, हम विपक्ष की भूमिका निभाएंगे, बहनों को ये राशि दिलवाएंगे।’ इसके बाद सभी रैली निकालते हुए पहुंचे। कांग्रेस प्रत्याशी ने अमरवाड़ा अनुविभागीय अधिकारी हेमकरण धुर्वे के समक्ष नामांकन प्रस्तुत किया।

Sanjay Saxena

BSc. बायोलॉजी और समाजशास्त्र से एमए, 1985 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय , मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के दैनिक अखबारों में रिपोर्टर और संपादक के रूप में कार्य कर रहे हैं। आरटीआई, पर्यावरण, आर्थिक सामाजिक, स्वास्थ्य, योग, जैसे विषयों पर लेखन। राजनीतिक समाचार और राजनीतिक विश्लेषण , समीक्षा, चुनाव विश्लेषण, पॉलिटिकल कंसल्टेंसी में विशेषज्ञता। समाज सेवा में रुचि। लोकहित की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना और उस जानकारी को समाचार के रूप प्रस्तुत करना। वर्तमान में डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े। राजनीतिक सूचनाओं में रुचि और संदर्भ रखने के सतत प्रयास।

Related Articles