महिला IAS, जिसे DM बनने से रोका गया, अब बनीं मुंबई की कलेक्टर

मुंबई। कई बार IAS और IPS के करियर में कुछ ऐसी घटनाएं होती हैं जो जीवनभर के लिए यादगार बन जाती हैं. ऐसी ही कहानी है महाराष्ट्र कैडर की एक महिला IAS अधिकारी की, जिन्हें कभी कलेक्टर का पदभार संभालने से ऐन वक्त पर रोक दिया गया था. बाद में लोगों के विरोध के कारण उनका ट्रांसफर स्‍थगित कर दिया गया. अब उस महिला अधिकारी को मुंबई शहर का कलेक्टर बनाया गया है।

यह कहानी है महिला IAS अधिकारी आंचल गोयल की. आंचल गोयल अब तक नागपुर में तैनात थीं, लेकिन अब उन्हें मुंबई सिटी का कलेक्टर बनाया गया है, जिसके बाद से वह चर्चा में हैं. आंचल गोयल मूल रूप से पंजाब की रहने वाली हैं. उनकी पढ़ाई-लिखाई भी यहीं से हुई है. उन्होंने चंडीगढ़ से इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग में बीई की डिग्री ली थी. इसके बाद उन्होंने सिविल सर्विसेज की तैयारी शुरू की और आखिरकार वर्ष 2013 की UPSC परीक्षा में सफलता हासिल की. एक साल की ट्रेनिंग के बाद उन्हें 2014 बैच का IAS अधिकारी बनाया गया और उनकी नियुक्ति महाराष्ट्र कैडर में की गई।

कई जगहों पर रह चुकी हैं आंचल
IAS अधिकारी आंचल गोयल ने कई महत्वपूर्ण पदों पर काम किया है. नागपुर से पहले आंचल परभणी की कलेक्टर थीं. इससे पहले वह केंद्र सरकार के पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस विभाग में सहायक सचिव के पद पर कार्यरत थीं. इसके अलावा आंचल गोयल पालघर में अतिरिक्त कलेक्टर और आदिवासी परियोजना अधिकारी के रूप में भी कार्यरत रहीं. वह कुछ समय तक रत्नागिरी में सहायक निदेशक भी रही थीं. हाल ही में वह नागपुर महानगरपालिका के अतिरिक्त आयुक्त की जिम्मेदारी संभाल रही थीं।

पदभार ग्रहण करने से रोका गया
यह घटना 31 जुलाई 2021 की है. परभणी के जिलाधिकारी दीपक मुगलीकर के रिटायर होने के बाद उनकी जगह आंचल गोयल को परभणी का कलेक्टर नियुक्त किया गया था, लेकिन जब आंचल गोयल अपने बच्चे के साथ परभणी पहुंचीं, तो अंतिम समय में उन्हें कलेक्टर का पदभार ग्रहण करने से रोक दिया गया. उनकी जगह मुगलीकर को आदेश दिया गया कि वह उपजिलाधिकारी को पदभार सौंप दें. इसके बाद स्थानीय लोगों ने इसका विरोध किया और इसके खिलाफ विरोध मार्च तक निकाला गया. जनता के विरोध के कारण सरकार को झुकना पड़ा और आंचल गोयल ने DM का पदभार ग्रहण किया।

पति भी IPS अधिकारी
आंचल गोयल की शादी निमित गोयल से हुई है, जो 2014 बैच के IPS अधिकारी हैं और वर्तमान में मुंबई पुलिस में DCP के पद पर कार्यरत हैं. इससे पहले आंचल गोयल मुंबई फिल्म सिटी की संयुक्त एमडी भी रह चुकी हैं।

Sanjay Saxena

BSc. बायोलॉजी और समाजशास्त्र से एमए, 1985 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय , मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के दैनिक अखबारों में रिपोर्टर और संपादक के रूप में कार्य कर रहे हैं। आरटीआई, पर्यावरण, आर्थिक सामाजिक, स्वास्थ्य, योग, जैसे विषयों पर लेखन। राजनीतिक समाचार और राजनीतिक विश्लेषण , समीक्षा, चुनाव विश्लेषण, पॉलिटिकल कंसल्टेंसी में विशेषज्ञता। समाज सेवा में रुचि। लोकहित की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना और उस जानकारी को समाचार के रूप प्रस्तुत करना। वर्तमान में डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े। राजनीतिक सूचनाओं में रुचि और संदर्भ रखने के सतत प्रयास।

Related Articles