चेन्नई। तमिलनाडु में नई सरकार बनने को लेकर अभी भी रस्साकशी जारी है। गुरुवार सुबह टीवीके प्रमुख जोसेफ विजय दोबारा लोकभवन पहुंचे और राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर से मुलाकात की। राज्यपाल ने उन्हें फिर बहुमत लाने को कहा। हालांकि विजय ने बहुमत साबित करने के लिए उनसे दो महीने का समय मांगा। इस पर राज्यसभा सांसद और सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ वकील कपिल सिब्बल ने राज्यपाल पर निशाना साधा।
उन्होंने एक्स पर पोस्ट लिखा जिसमें उन्होंने सभी राज्यपालों को निशाने पर लिया और उन्हें भाजपा का एजेंट कह दिया। साथ ही तमिलनाडु के राज्यपाल को नसीहत तक दे डाली।
राज्यसभा सांसद ने एक्स हैंडल पर लिखा, तमिलनाडु, सभी गवर्नर भाजपा के एजेंट हैं। ये भाजपा के हितों को पूरा करने के लिए संविधान को रौंद डालते हैं। अकेली सबसे बड़ी पार्टी के नेता विजय को बुलाओ, उसे मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाओ। उन्हें विधानसभा में अपनी बहुमत साबित करने दें। बहुमत में चुनाव बाद कोई गठबंधन नहीं होता है।
टीवीके प्रमुख विजय ने बुधवार को भी राज्यपाल से मुलाकात की और सरकार बनाने का दावा पेश किया था। तमिलनाडु चुनाव में टीवीके ने 108 सीटें जीती और राज्य की सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी। हालांकि वह बहुमत के आंकड़े को नहीं छू सकी और 10 सीटें उससे दूर रह गई। तमिलनाडु में सरकार बनाने के लिए बहुमत का आंकड़ा 118 है। कांग्रेस ने उसे समर्थन दिया है लेकिन इसके बाद भी वह 112 विधायकों का समर्थन पा सके हैं। बहुमत जुटाने के लिए टीवीके सीपीआई, सीपीआईएम और अन्य दलों से बात कर रही है।
