चेन्नई। तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 2026 के नतीजों के बाद तमिलगा वेत्री कड़गम (टीवीके) ने राज्य में सरकार बनाने की कवायद शुरू कर दी है। टीवीके प्रमुख विजय ने बुधवार को राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर से राजभवन में मुलाकात की। उन्होंने राज्य में सरकार बनाने का दावा पेश किया। इसी बीच, कांग्रेस ने डीएमके से अपना गठबंधन तोड़कर विजय की पार्टी को समर्थन देने का एलान किया है।
तमिलनाडु की 234 सदस्यीय विधानसभा में सरकार बनाने के लिए 118 सीटों की जरूरत होती है। इस चुनाव में विजय की पार्टी टीवीके ने 108 सीटों पर जीत दर्ज की है। कांग्रेस पार्टी ने टीवीके को अपना समर्थन देने का एलान किया है। कांग्रेस के पास विधानसभा में 5 सीटें हैं।
चुनाव में किसे कितनी सीटें मिलीं?
विधानसभा चुनाव में डीएमके को 59 और एआईएडीएमके को 47 सीटें मिली हैं। अन्य दलों में पीएमके को 4 और आईयूएमएल को 2 सीटें मिली हैं। सीपीआई, वीसीके और सीपीआईएम को भी 2-2 सीटों पर जीत मिली है। भाजपा, डीएमडीके और एएमएमके के खाते में 1-1 सीट आई है। टीवीके सबसे ज्यादा 108 सीटें मिली हैं।
कब होगा शपथ ग्रहण?
राज्यपाल से मुलाकात के बाद अब सरकार गठन की औपचारिकताओं को पूरा किया जा रहा है। पार्टी के सूत्रों के मुताबिक, विजय 7 मई को तमिलनाडु के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ले सकते हैं। विजय के राजनीति में आने और पहली बार में ही इतनी बड़ी जीत दर्ज करने से राज्य के सियासी समीकरण पूरी तरह बदल गए हैं।
कांग्रेस ने डीएमके से तोड़ा पुराना नाता
कांग्रेस ने लंबे समय से सहयोगी रही डीएमके से नाता तोड़कर सरकार बनाने के लिए विजय की टीवीके को अपना समर्थन देने की घोषणा की। कांग्रेस ने कहा कि टीवीके प्रमुख विजय के समर्थन मांगने के बाद यह फैसला लिया गया है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इस घोषणा का स्वागत करते हुए पार्टी मुख्यालय सत्यमूर्ति भवन में पटाखे फोड़े।
तमिलनाडु कांग्रेस के प्रभारी गिरीश चोडानकर ने कहा, “आज, हम अपने विधायकों और वरिष्ठ नेताओं के साथ टीवीके नेता विजय से मिले। हमने उन्हें अपना पूरा समर्थन दिया है। समर्थन पत्र देने के बाद, हमने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे जी, नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी जी और महासचिव वेणुगोपाल जी से बात की। उन्होंने समर्थन के लिए तीनों नेताओं को धन्यवाद दिया। हमें उम्मीद है कि राज्यपाल उन्हें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने के लिए आमंत्रित करेंगे।”
