नई दिल्ली। दिल्ली में बारिश की वजह से शुक्रवार सुबह 5 बजे इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट के टर्मिनल-1 पर पार्किंग की छत गिर गई। हादसे में कार में बैठे एक कैब ड्राइवर की मौत हो गई, 8 घायल हैं। घायलों का इलाज मेदांता अस्पताल में चल रहा है। दिल्ली फायर सर्विस, पुलिस, एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमें मौके पर राहत-बचाव में जुटी हैं।
केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री आईजीआई एयरपोर्ट पर पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि स्थिति नियंत्रण में है। पूरी तरीके से जांच के बाद ही टर्मिनल-1 को फिर से शुरू किया जाएगा। उड़ानों के संचालन को टर्मिनल-2 और टर्मिनल-3 पर स्थानांतरित करने की व्यवस्था की जा रही है।
दिल्ली फायर सर्विस के अधिकारियों ने बताया- टर्मिनल-1 पर डोमेस्टिक फ्लाइट के लिए पार्किंग एरिया में सुबह गाडिय़ों की लंबी लाइन लगी थी। इसी दौरान पार्किंग की छत गिर गई। छत का भारी-भरकम हिस्सा और लोहे के तीन सपोर्ट बीम भी गाडिय़ों पर गिर गए। इस दौरान यहां खड़ी कारें बीम में दब गईं।
दिल्ली एयरपोर्ट की डीसीपी उषा रंगनानी ने बताया कि डिपार्चर गेट नंबर 1 से से गेट नंबर 2 तक फैले टर्मिनल-1 के बाहर का शेड ढह गया, जिसमें करीब 4 गाडिय़ां दब गईं। डीएफएस असिस्टेंट डिवीजनल ऑफिसर रविंदर सिंह ने बताया कि आठ लोगों को मलबे से बचाया गया। बाहर निकाले गए एक व्यक्ति की मौत पहले ही हो चुकी थी।