IAS TRANSFER: बिहार में फिर चली तबादला एक्सप्रेस, 17 IAS अधिकारियों के तबादले

पटना। बिहार में प्रशासनिक स्तर पर एक बार फिर बड़ा फेरबदल किया गया है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली सरकार ने रविवार देर रात 17 आईएएस अधिकारियों के तबादले और नई पदस्थापनाओं का आदेश जारी किया। सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा 21 जून 2026 को जारी अधिसूचना के अनुसार कई जिलाधिकारियों, नगर आयुक्तों और विभागीय अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं, जबकि कुछ अधिकारियों को अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है।
सरकार ने सभी अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नई जिम्मेदारी संभालने के निर्देश दिए हैं। इस फेरबदल को प्रशासनिक कार्यों में तेजी लाने और विभिन्न विभागों में समन्वय मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
प्रमुख तबादले और नई नियुक्तियां
2010 बैच के आईएएस अभिषेक कुमार पाराशर को शहरी आधारभूत संरचना विकास निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक पद से हटाकर नगर विकास एवं आवास विभाग का सचिव बनाया गया है।
2011 बैच के आईएएस शीर्षत कपिल अशोक को कॉम्फेड पटना का प्रबंध निदेशक नियुक्त किया गया है। उन्हें आपदा प्रबंधन विभाग के विशेष कार्य पदाधिकारी, बिहार राज्य फल एवं सब्जी विकास निगम के प्रबंध निदेशक तथा डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग के प्रभारी सचिव का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है।
2011 बैच के आईएएस निलेश रामचंद्र देवरे को सिविल विमानन विभाग के विशेष सचिव के साथ नगर विकास एवं आवास विभाग के विशेष सचिव का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
भागलपुर के जिलाधिकारी रहे 2013 बैच के आईएएस नवल किशोर चौधरी को बिहार राज्य संचरण कंपनी लिमिटेड का प्रबंध निदेशक बनाया गया है। उन्हें नगर विकास एवं आवास विभाग के विशेष सचिव का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है।
बांका के डीएम नवदीप शुक्ला को युवा रोजगार एवं कौशल विकास विभाग में विशेष सचिव नियुक्त किया गया है।
गोपालगंज के डीएम पवन कुमार सिंह को उच्च शिक्षा विभाग में विशेष सचिव बनाया गया है।
2014 बैच के आईएएस सौरभ जोरवाल को बिहार राज्य पथ विकास निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।
कुमार मंगलम को राजस्व परिषद का सचिव नियुक्त किया गया है।
प्रशांत कुमार सीएच को बिहार शिक्षा परियोजना परिषद का परियोजना निदेशक का अतिरिक्त प्रभार मिला है।
किशनगंज के डीएम विशाल राज को बिहार राज्य पावर जेनरेशन कंपनी लिमिटेड का प्रबंध निदेशक बनाया गया है।
राहुल कुमार को प्रबंध निदेशक के प्रभार से मुक्त कर दिया गया है।
युवा अधिकारियों को भी मिली नई जिम्मेदारियां
2019 बैच के आईएएस स्पर्श गुप्ता को राज्य स्वास्थ्य समिति पटना का अपर कार्यपालक निदेशक बनाया गया है।
2020 बैच के आईएएस श्रेष्ठ अनुपम को वित्त विभाग में संयुक्त सचिव नियुक्त किया गया है।
गया नगर निगम के नगर आयुक्त अभिषेक पलासिया को पथ निर्माण विभाग में संयुक्त सचिव बनाया गया है।
प्रदीप सिंह को पर्यटन विभाग का संयुक्त सचिव नियुक्त किया गया है।
बिहार शरीफ नगर निगम के नगर आयुक्त कुमार निशांत विवेक को प्राथमिक शिक्षा निदेशक बनाया गया है।
2020 बैच की आईएएस अनन्या सिंह को जीविका ग्रामीण विकास विभाग का मुख्य कार्यपालक अधिकारी नियुक्त किया गया है। उन्हें मनरेगा आयुक्त का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।
प्रशासनिक व्यवस्था में व्यापक बदलाव
इस तबादला सूची में जिला प्रशासन, शिक्षा, ऊर्जा, स्वास्थ्य, ग्रामीण विकास, नगर विकास और वित्त जैसे महत्वपूर्ण विभाग शामिल हैं। कई जिलाधिकारियों को विभागीय जिम्मेदारियां देकर राज्य सरकार ने प्रशासनिक ढांचे में व्यापक पुनर्संरचना का संकेत दिया है। माना जा रहा है कि आने वाले समय में प्रशासनिक प्रदर्शन और विकास योजनाओं की निगरानी को और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से यह बदलाव किया गया है।

Exit mobile version