नई दिल्ली। देश के कई राज्यों में तेज बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने आज 15 राज्यों के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इनमें गोवा, महाराष्ट्र, कर्नाटक, तमिलनाडु, गुजरात, मध्य प्रदेश, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा शामिल हैं।
बिहार के पटना, औरंगाबाद, जहानाबाद, रोहतास और बक्सर में सोमवार को तेज बारिश हुई। बक्सर के नावानगर में बिजली गिरने से तीन लोगों की मौत हुई, जबकि रोहतास के नोखा में भी बिजली की चपेट में आने से एक की मौत हुई।
सोमवार को हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के गंभरपुल में करीब ढाई बजे बादल फटा। इसके चलते वहां तेज बारिश हुई। कुनिहार को नालागढ़ से जोडऩे वाले हाईवे पर मलबा गिर गया। बाढ़ में 2 वाहन भी क्षतिग्रस्त हुए।
मानसून ने आधे भारत को कवर कर लिया है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक अगले 5 दिन में यह पूरे मध्य प्रदेश को कवर कर लेगा। वहीं राजस्थान में कल एंट्री ले सकता है।
मानसून कहां-कहां पहुंचा
दक्षिण-पश्चिम मानसून निकोबार में 19 मई को पहुंच गया था। केरल में इस बार दो दिन पहले, यानी 30 मई को, ही मानसून पहुंच गया था और कई राज्यों को कवर भी कर गया। फिर 12 से 18 जून तक (6 दिन) मानसून रुका रहा।
मानसून 12 जून तक केरल, कर्नाटक, गोवा, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना को पूरी तरह कवर कर चुका था। साथ ही दक्षिण महाराष्ट्र के ज्यादातर हिस्सों, दक्षिणी छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों, दक्षिणी ओडिशा, उपहिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम और सभी पश्चिमोत्तर राज्यों में पहुंच गया था।
18 जून तक मानसून महाराष्ट्र के जलगांव, अमरावती, चंद्रपुर, छत्तीसगढ़ के बीजापुर, सुकमा, ओडिशा के मलकानगिरी और आंध्र प्रदेश के विजयनगरम तक पहुंचा था। मौसम विभाग का अनुमान है कि जून में मानसून सामान्य से कम यानी 92 प्रतिशत लंबी अवधि के औसत से कम रहेगा।
मानसून 3 जुलाई तक दिल्ली-पंजाब को कवर करेगा
3-4 दिन में मानसून पूरे मध्य प्रदेश, पूरे बिहार, पूरे झारखंड, पूरे पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्से को कवर कर लेगा। 27 जून तक मानसून दिल्ली, पंजाब और हरियाणा में एंट्री ले सकता है और 3 जुलाई तक इन राज्यों को पूरी तरह कवर करके आगे बढ़ेगा।
मानसून ने 11 जून को गुजरात में एंट्री ली थी। इसके 11 दिन बाद 23 जून को मानसून गुजरात में आगे बढ़ा। मौसम विभाग के मुताबिक अगले 27 जून तक मानसून गुजरात के आधे से ज्यादा हिस्से को कवर कर लेगा।