Jaipur : सरकारी इंजीनियर के पास 2 करोड़ की कारें:ACB की छापेमारी; फार्म हाउस, कई लग्जरी फ्लैट का मालिक निकला

जयपुर। जयपुर में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिशाषी अभियंता (XEN) के यहां छापेमारी की है। सर्च में इंजीनियर के पास करोड़ों की प्रॉपर्टी मिली है।

एसीबी के एडिशनल एसपी ने बताया कि इंजीनियर के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति की शिकायत मिली थी। सर्च में अब तक आरोपी के पास से 2 ऑडी कार सहित करीब 2 करोड़ की गाड़ियां मिली हैं।
विदेशों में घूमने का शौकीन इंजीनियर कई लग्जरी फ्लैट और फार्म हाउस का भी मालिक है। दूदू (जयपुर) में पोस्टेड आरोपी हरिप्रसाद मीणा के खिलाफ कार्रवाई गुरुवार सुबह शुरू हुई थी।

5 ठिकानों पर पहुंची एसीबी की टीम
एक्सईएन के 5-6 ठिकानों पर तलाशी की जा रही है। इनमें दूदू के गांव बगड़ी और जगतपुर में उसके घर सहित ऑफिस में भी एसीबी के अधिकारी मौजूद हैं।
हरिप्रसाद मीणा के घर से 2 ऑडी भी मिली हैं। जानकारी के अनुसार ये कारें संभवत: दो-तीन साल ही पुरानी हैं।
इंजीनियर के यहां कई एग्रीकल्चर जमीनों के भी डॉक्युमेंट्स मिले हैं। मीणा ने विदेश यात्राओं और महंगे होटलों में रूकने में करीब 45 लाख रुपए भी खर्च किए हैं।

इनकम से 200 प्रतिशत अधिक की प्रॉपर्टी

आरोपी इंजीनियर जयपुर के अलावा दौसा में भी जमीनों में इंवेस्ट किया है। उसने लालसोट में एक लग्जरी फार्म हाउस भी बना रखा है। आरोपी और परिवारजनों के करीब 19 बैंकों में खाते हैं जिन से करोड़ों का लेनदेन हुआ है।
कारों और जमीनों के लिए बैंक से लोन लिया, लेकिन समय से पहले ही चुका दिया। एडि. एसपी भूपेंद्र कुमार ने बताया कि एक्सईएन ने सरकारी नौकरी में आने से अब तक करीब चार करोड़ रुपए की प्रॉपर्टी जमा की है।
जो कि लीगल इनकम से करीब 200 प्रतिशत अधिक है। फिलहाल आरोपी इंजीनियर से उसके जगतपुरा स्थित घर पर पूछताछ की जा रही है।

Sanjay Saxena

BSc. बायोलॉजी और समाजशास्त्र से एमए, 1985 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय , मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के दैनिक अखबारों में रिपोर्टर और संपादक के रूप में कार्य कर रहे हैं। आरटीआई, पर्यावरण, आर्थिक सामाजिक, स्वास्थ्य, योग, जैसे विषयों पर लेखन। राजनीतिक समाचार और राजनीतिक विश्लेषण , समीक्षा, चुनाव विश्लेषण, पॉलिटिकल कंसल्टेंसी में विशेषज्ञता। समाज सेवा में रुचि। लोकहित की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना और उस जानकारी को समाचार के रूप प्रस्तुत करना। वर्तमान में डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े। राजनीतिक सूचनाओं में रुचि और संदर्भ रखने के सतत प्रयास।

Related Articles