दिल्ली पुलिस ने बिभव कुमार को किया गिरफ्तार, एक और वीडियो आया – स्वाति कह रही हैं नौकरी खा जाऊंगी…

नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस ने आप सांसद स्वाति मालीवाल से मारपीट मामले में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के पूर्व पीएस विभव कुमार को गिरफ्तार किया है।
आम आदमी पार्टी की राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल से बदसलूकी का मामला गरमाया हुआ है। भाजपा लगातार इस मामले को लेकर आम आदमी पार्टी को घेरने में लगी है। सांसद स्वाति मालीवाल ने कुछ दिनों पहले आरोप लगाए थे कि उनके साथ दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के सरकारी आवास पर सीएम के पीए ने मारपीट और बदसलूकी की थी।
आतिशी ने भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा, उनकी (भाजपा) पूरी मशीनरी एमएचए से लेकर दिल्ली पुलिस तक कैसे काम कर रही है उसका प्रमाण कल तीस हजारी कोर्ट के सामने आया है। बिभव कुमार ने तीस हजारी कोर्ट में केस फाइल किया और कहा कि एफआईआर की कॉपी उन्हें आधिकारिक तौर पर उपलब्ध करवाई जाए। आज सुबह दिल्ली पुलिस कोर्ट में एक जवाब देती है कि ये एफआईआर बहुत संवेदनशील है इसलिए हम कोर्ट में जमा नहीं कर सकते और आरोपी को नहीं दे सकते।
एक और वीडियो सामने आया
आप नेता व राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल से बदसलूकी व मारपीट मामले में शनिवार को नया वीडियो सामने आया है। यह सीसीटीवी मुख्यमंत्री आवास का है। फुटेज में महिला पुलिसकर्मी स्वाति मालीवाल को हाथ पकडक़र बाहर ले जा रही हैं। बाहर जाने के बाद स्वाति मालीवाल दिल्ली पुलिस से शिकायत करती देखी गई हैं। इस दौरान वहां काफी देर बातचीत होती रही। इससे पहले भी शुक्रवार को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के आवास के ड्राइंग रूम का एक वीडियो वायरल हुआ था। इस वीडियो में पूरी घटना को देखा जा सकता था। कहा जा रहा है कि यह वीडियो 13 मई का है। यह मुख्यमंत्री आवास के अंदर का है। वीडियो में दिख रहा है कि स्वाति सीएम हाउस के अंदर बैठी हुई हैं। कुछ कर्मचारी उन्हें बाहर जाने को कह रहे हैं। इस दौरान वह गुस्सा हो जाती हैं। कहती हैं मुझे हाथ लगाया तो आप लोगों की भी नौकरी खा जाऊंगी।

Exit mobile version