नई दिल्ली। दिल्ली के ओल्ड राजेंद्र नगर में बेसमेंट में चल रहे सेल्फ स्टडी सेंटर में डूबने से दो छात्रा व एक छात्र की मौत की घटना के तीसरे दिन दिल्ली नगर निगम ने मुखर्जी नगर में बड़ी कार्रवाई की।
राजधानी की बड़ी आईएएस कोचिंग एकेडमी में शामिल दृष्टि आईएएस (मेसर्ज दृष्टि-द विजन) के नेहरू विहार स्थित बड़े सेंटर को नगर निगम की टीम ने सोमवार दोपहर को सील कर दिया। यह काेचिंग सेंटर वर्धमान मॉल के बेसमेंट में चल रहा था।
एक हॉल में 250-300 छात्र-छात्रा लेते थे काेचिंग
इस बेसमेंट में 7-8 बड़े हॉल में कोचिंग क्लास लगती थी और एक हॉल में 250-300 छात्र-छात्रा काेचिंग लेते थे। नगर निगम की इस कार्रवाई को मुखर्जी नगर में अब तक की बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है। निगम की अचानक हुई इस कार्रवाई के चलते कोचिंग सेंटर संचालक व बच्चे अपना सामान भी नहीं निकाल पाए।
दिल्ली नगर निगम की सिविल लाइन जोन की टीम दल-बल के साथ सोमवार सुबह साढ़े 10 बजे मुखर्जी नगर के नेहरू विहार पहुंची। यहां वर्धमान मॉल के बेसमेंट में चल रहे दृष्टि आईएएस कोचिंग (Drishti IAS Coaching) सेंटर को सील करने की कार्रवाई शुरू की।