नई दिल्ली। शाहदरा के पास पॉश इलाके विवेक विहार में आज सुबह एक चार मंजिला बिल्डिंग में कथित तौर पर एसी में ब्लास्ट होने के चलते कई फ्लैटों में भीषण आग लग गई। इस दर्दनाक घटना में 4 महिलाओं और डेढ़ साल के एक मासूम बच्चे समेत कुल 9 लोगों की बुरी तरह जलकर मौत हो गई। बिल्डिंग में फंसे लोगों को रेस्क्यू करने और आग पर काबू पाने में फायर ब्रिगेड और पुलिस कर्मियों को बड़ी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। इस बीच, करीब 15 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आज तड़के करीब 3:48 बजे विवेक विहार फेज-1 में एक 4 मंजिला इमारत में आग लगने की सूचना मिली थी, जिसके बाद पुलिस, दमकल और आपदा प्रबंधन दल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने बताया कि आग ने इमारत के कई फ्लैटों को अपनी चपेट में ले लिया था, जिसके बाद बड़े पैमाने पर बचाव अभियान शुरू किया गया। आग एसी में ब्लास्ट से लगी था या फिर शॉर्ट सर्किट होने से इसके सही कारणों की अभी तक आधिकारिक रूप से पुष्टि नहीं की गई है।
बताया जा रहा है सर्च ऑपरेशन और रेस्क्यू के दौरान छत का दरवाजा बंद होने, बिल्डिंग में केवल एक जगह सीढ़ी और बालकनी पर लगी लोहे की ग्रिलों ने रेस्क्यू को बेहद मुश्किल बना दिया था। ऐसी ही कुछ कमियों के चलते 9 लोगों को अपनी जान से हाथ धोना पड़ गया।
15 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया
दिल्ली फायर ऑफिसर मुकेश वर्मा ने मीडिया से बात करते हुए बताया कि फायर ब्रिगेड को सुबह 3:47 पर आग लगने की सूचना मिली, जिसके बाद दमकल की करीब कई गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। दमकल कर्मियों ने जब बिल्डिंग में पीछे के रास्ते घुसने का प्रयास किया तो बालकनी को लोहे की ग्रिलों से कवर किया हुआ था। इसके साथ ही जब हम आगे की तरफ से किसी तरह अंदर पहुंचे तो पाया कि इस बिल्डिंग में केवल एक स्टेयर केस (सीढ़ियां) हैं। इस दर्दनाक घटना में अब तक 9 लोगों की मौत हो चुकी है। उन्होंने बताया कि करीब 800 गज में बनी इस चार मंजिला बिल्डिंग में हर फ्लोर पर दो-दो फ्लैट बने हैं। एक फ्लैट आगे की तरफ है और दूसरा फ्लैट पीछे की तरफ है। बिल्डिंग में फंसे 15 लोगों को समय रहते सकुशल रेस्क्यू कर लिया गया। इनमें से दो लोगों को मामूली चोटें आई थीं, जिन्हें इलाज के लिए पास के गुरु तेग बहादुर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
