IPS प्रशिक्षण से ब्रेक लेकर निधि ने सुधारी UPSC रैंकिंग, बिना कोचिंग के सेल्फ स्टडी कर पाया मुकाम

नाहन। हिमाचल प्रदेश में जिला सिरमौर के त्रिलोकपुर क्षेत्र की निधि चौधरी ने संघ लोक सेवा आयोग की परीक्षा में एक बार फिर शानदार सफलता हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। मौजूदा समय में आईपीएस अधिकारी का प्रशिक्षण ले रही निधि ने इस बार यूपीएससी परीक्षा में 466वां रैंक हासिल कर अपनी पिछली रैंकिंग में बड़ा सुधार दर्ज किया है।

इससे पहले उन्होंने यूपीएससी परीक्षा में 691वां रैंक प्राप्त किया था, जिसके बाद भारतीय पुलिस सेवा के लिए उनका चयन हुआ था और वर्तमान में हैदराबाद स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल राष्ट्रीय पुलिस अकादमी में प्रशिक्षण ले रही हैं।

निधि के पिता धनीराम चौधरी ने बताया कि बेटी का लक्ष्य शुरू से ही भारतीय प्रशासनिक सेवा में जाने का रहा है। इसी सपने को पूरा करने के लिए उन्होंने आईपीएस प्रशिक्षण से एक वर्ष का ब्रेक लेकर दोबारा यूपीएससी परीक्षा देने का निर्णय लिया और कड़ी मेहनत के बल पर अपनी रैंक में उल्लेखनीय सुधार करते हुए 466वां स्थान हासिल किया। अब उनकी आईएएस में चयन की संभावना काफी मजबूत मानी जा रही है।

पिता आईटीबीपी में सहायक कमांडेंट
निधि के पिता धनीराम वर्तमान में भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) में सहायक कमांडेंट हैं, जबकि उनकी माता जसविंदर कौर गृहिणी हैं। परिवार ने हमेशा बेटी के सपनों को समर्थन दिया और हर कदम पर उसका हौसला बढ़ाया।

Sanjay Saxena

BSc. बायोलॉजी और समाजशास्त्र से एमए, 1985 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय , मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के दैनिक अखबारों में रिपोर्टर और संपादक के रूप में कार्य कर रहे हैं। आरटीआई, पर्यावरण, आर्थिक सामाजिक, स्वास्थ्य, योग, जैसे विषयों पर लेखन। राजनीतिक समाचार और राजनीतिक विश्लेषण , समीक्षा, चुनाव विश्लेषण, पॉलिटिकल कंसल्टेंसी में विशेषज्ञता। समाज सेवा में रुचि। लोकहित की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना और उस जानकारी को समाचार के रूप प्रस्तुत करना। वर्तमान में डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े। राजनीतिक सूचनाओं में रुचि और संदर्भ रखने के सतत प्रयास।

Related Articles