Budget : समेकित विकास का आधार है केंद्रीय बजट: मोहन यादव…

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा है कि केंद्र सरकार द्वारा पेश किया बजट दीर्घकालीन विकास का बजट है और यह वैश्विक परिदृश्य को देखते हुए समेकित विकास का आधार है। वे
मध्य प्रदेश में बेरोजगारी की दर घटकर डेढ़ प्रतिशत तक रह गई है और तेजी से इसमें सुधार हो रहा है।
वे राजधानी के कुशाभाऊ ठाकरे अंतरराष्ट्रीय कन्वेंशन सेंटर में केंद्रीय बजट पर पत्रकारों से चर्चा कर रहे थे। यहां भाजपा के प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह, उपमुख्यमंत्री और वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा, जनसंपर्क आयुक्त दीपक सक्सेना, प्रदेश भाजपा संवाद प्रमुख आशीष अग्रवाल, प्रदेश महामंत्री राहुल कोठारी और जिला अध्यक्ष रविंद्र यति प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्य प्रदेश और केंद्र सरकार का बजट एक आत्मा से तालमेल करते हुए चल रहा है। बजट में निवेशकों के विश्वास को कायम रखने का काम किया गया है। केंद्रीय बजट सिर्फ कागजीकरण नहीं है बल्कि भविष्य को लेकर तैयार किया गया प्लान है। उन्होंने कहा कि बजट के पहले और बजट के बाद वैश्विक स्तर पर जिस तरह की बातें हुई हैं, उससे बजट के परिणाम का आकलन किया जा सकता है। पाकिस्तान को अमेरिका से कर्ज की जरूरत होती है, इसलिए वह अमेरिका की हर बात मानने को मजबूर होता है, लेकिन हमारे देश की स्थिति उलट है।
डॉ. मोहन यादव ने कहा कि केंद्रीय बजट में गरीबों, युवाओं, अन्नदाताओं और महिलाओं पर विशेष फोकस है। इसमें 5 लाख से अधिक आबादी वाले शहरों के विकास और सभी शहरी आर्थिक क्षेत्रों पर 5 साल में 5000 करोड रुपए खर्च करने, छोटे शहरों में तीर्थ स्थल विकसित करने, हर जिले में एक महिला छात्रावास के निर्माण और जिला अस्पतालों को अपग्रेड करने की व्यवस्था से प्रदेश को बहुत लाभ प्राप्त होगा। क्लिनिकल ट्रायल स्थलों का भी विकास होगा। केंद्रीय बजट में केयर इकोसिस्टम पर विशेष ध्यान देने के प्रावधान किए गए हैं। इससे बुजुर्गों के इलाज के लिए विशेष व्यवस्था होगी। केंसर सहित गंभीर बीमारियों की दवाऐं भी सस्ती होंगी, जिससे सभी वर्गों को राहत मिलेगी।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने यह भी कि बजट में देश में रिसर्च एंड डेवलपमेंट और एआई के अधिक से अधिक इस्तेमाल पर जोर दिया गया है, इसका आने वाले दिनों में प्रदेश और देश को तरक्की में बड़ा योगदान होगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश को रेल सुविधाओं के मामले में बहुत बड़ी सौगातें मिली हैं। उन्होंने कहा कि कल्याणकारी, सर्व-स्पर्शी और समावेशी यह केंद्रीय बजट देश के गरीब, युवा, अन्नदाता और नारी शक्ति के समग्र विकास के साथ स्टार्ट-अप्स, इनोवेशन तथा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे विभिन्न क्षेत्रों को समाहित करते हुए, अंत्योदय की भावना और नवोन्मेष की नव-दृष्टि से परिपूर्ण है। यह बजट प्रदेश के आर्थिक विकास को मजबूती प्रदान करेगा।
10 वर्षों में भारत के विकास की दिशा तय करेगा बजट: खंडेलवाल
दूसरी ओर बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने बजट के बाद कहा था कि केंद्रीय बजट आने वाले 10 वर्षों में भारत के विकास की दिशा तय करेगा। जिन क्षेत्रों में दुनिया के केवल दो-तीन देशों का दबदबा है, उन रणनीतिक उत्पादों के निर्माण पर बजट में विशेष ध्यान दिया गया है। बजट में पहली बार अलग मालगाड़ी कॉरिडोर बनाने की बात की गई है, जिससे लॉजिस्टिक्स खर्च कम होगा और व्यापार बढ़ेगा। खण्डेलवाल ने कहा है यह बजट डर से मुक्त टैक्स व्यवस्था की ओर एक बड़ा कदम है। उन्होंने कहा कि यह बजट हर वर्ग को राहत देने वाला बजट है।



