MP कैडर के IPS अभिषेक तिवारी का इस्तीफा, बालाघाट, सागर, रतलाम एसपी रहे, वर्तमान में एनटीआरओ दिल्ली में पदस्थ

भोपाल। मध्य प्रदेश कैडर के 2013 बैच के आईपीएस अधिकारी अभिषेक तिवारी ने इस्तीफा दे दिया है। रतलाम, बालाघाट और सागर में एसपी रह चुके हैं। इस समय नेशनल टेक्निकल रिसर्च आर्गेनाइजेशन (NTRO) में पदस्थ हैं। तिवारी ने कहा कि वे साइबर तकनीकी के मामले में कुछ नया करने की प्लानिंग कर रहे हैं।

अभिषेक तिवारी की एसपी के रूप में पहली पोस्टिंग बालाघाट में हुई थी। बालाघाट में उनके अभियान के चलते उन्हें राष्ट्रपति का वीरता पदक दिया गया।

सागर में दीवार गिरने पर पद से हटाया था
एक साल पहले सागर एसपी के रूप में पदस्थ रहे अभिषेक तिवारी को सीएम डॉ. मोहन यादव ने हटा दिया था। यहां बारिश के मौसम में दीवार गिरने से 9 बच्चों की मौत हो गई थी। हादसा रहली विधानसभा क्षेत्र के शाहपुर में हुआ था। सीएम डॉ. मोहन यादव ने ट्वीट के जरिए कहा था कि कलेक्टर, एसपी और एसडीएम (सागर) को हटाने के निर्देश दिए हैं।

इसके बाद रायसेन एसपी विकास कुमार सहवाल को सागर एसपी और छतरपुर कलेक्टर संदीप जीआर को सागर कलेक्टर बनाया था। हालांकि तब एसपी तिवारी को हटाने की कार्यवाही पर सवाल उठे थे क्योंकि तिवारी केंद्र में प्रतिनियुक्ति पर पदस्थ होने के चलते खुद को रिलीव करने के लिए सरकार से आग्रह कर रहे थे लेकिन सरकार उन्हें रिलीव नहीं कर रही थी। सागर में घटना हुई तो तिवारी को हटा दिया गया था।

निजी कारणों का हवाला, इस्तीफे की वजह स्पष्ट नहीं
पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने इस्तीफे की पुष्टि करते हुए बताया कि अभिषेक तिवारी ने व्यक्तिगत कारणों का हवाला देते हुए VRS के लिए आवेदन किया है. हालांकि, उनके इस्तीफे के पीछे के वास्तविक कारणों को लेकर फिलहाल कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है. चर्चाएं हैं कि VRS स्वीकृत होने के बाद वे किसी नए क्षेत्र में कार्य कर सकते हैं.

सम्मान और उपलब्धियों से भरा रहा IPS करियर
आईपीएस अभिषेक तिवारी को मध्यप्रदेश में उत्कृष्ट पुलिस सेवा के लिए दो बार राष्ट्रपति पदक से सम्मानित किया जा चुका है. इसके अलावा राज्य सरकार द्वारा भी उन्हें कई विशेष अभियानों और कार्यों के लिए सम्मान मिला है. उनका करियर अनुशासन, नवाचार और सख्त प्रशासनिक निर्णयों के लिए जाना जाता रहा है.

Sanjay Saxena

BSc. बायोलॉजी और समाजशास्त्र से एमए, 1985 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय , मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के दैनिक अखबारों में रिपोर्टर और संपादक के रूप में कार्य कर रहे हैं। आरटीआई, पर्यावरण, आर्थिक सामाजिक, स्वास्थ्य, योग, जैसे विषयों पर लेखन। राजनीतिक समाचार और राजनीतिक विश्लेषण , समीक्षा, चुनाव विश्लेषण, पॉलिटिकल कंसल्टेंसी में विशेषज्ञता। समाज सेवा में रुचि। लोकहित की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना और उस जानकारी को समाचार के रूप प्रस्तुत करना। वर्तमान में डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े। राजनीतिक सूचनाओं में रुचि और संदर्भ रखने के सतत प्रयास।

Related Articles