MP विधानसभा…
भागीरथपुरा मौत कांड पर विपक्ष का हंगामा, दो मंत्रियों क़ो बर्खास्त करने की मांग

भोपाल। मध्य प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र का गुरुवार को चौथा दिन है। कार्यवाही शुरू होने से पहले कांग्रेस विधायकों ने थाली बजाकर प्रदर्शन किया। सदन में भागीरथपुरा मौत कांड पर विपक्ष ने हंगामा किया और स्थगन के साथ ही जिम्मेदार मंत्रियों के इस्तीफे की मांग की गई। इनमें स्वास्थ्य मंत्री राजेंद्र शुक्ल और नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय शामिल हैँ।
सरकार ने सदन में आधिकारिक जवाब देते हुए माना कि एक्यूट डायरिया से 20 लोगों की मौत हुई है। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि सरकार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई की और एक आईएएस अधिकारी को निलंबित भी किया। मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के राहत कार्यों का भी उल्लेख किया गया। हंगामा शांत न होने पर अध्यक्ष ने शून्यकाल की सूचनाएं पढ़ी हुई मानते हुए सदन की कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक स्थगित कर दी।
इंदौर के भागीरथपुरा क्षेत्र में दूषित पानी से हुई मौतों के मुद्दे पर विधानसभा में जोरदार हंगामा हुआ। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने मंत्रियों के इस्तीफे की मांग उठाई। इस पर विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि मामला न्यायालय में लंबित है, इसलिए ऐसी चर्चा से न्यायालय की अवमानना की स्थिति बन सकती है। पंचायत मंत्री प्रहलाद पटेल ने सुझाव दिया कि सदन में बहस के बजाय संबंधित मंत्री से अलग बैठक कर चर्चा करना बेहतर होगा। पूर्व अध्यक्ष सीता शरण शर्मा ने भी कहा कि अदालत में मामला होने से सदन में चर्चा उचित नहीं।
जवाब में डिप्टी सीएम व स्वास्थ्य मंत्री राजेंद्र शुक्ल ने बताया कि 21 से 29 दिसंबर के बीच डायरिया फैलने के बाद स्थिति गंभीर हुई और 22 मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपए की राहत दी गई। इस पर सिंघार ने मृतकों की संख्या 35 बताते हुए सभी को मुआवजा देने और मंत्रियों की जिम्मेदारी तय करने की मांग की। विवाद बढऩे पर डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा ने भी सरकार का पक्ष रखा, लेकिन इस्तीफे की मांग को लेकर विपक्ष के विरोध के बीच सदन में जोरदार हंगामा जारी रहा।
जयवर्धन सिंह का आरोप- सौरभ शर्मा के साथ बीजेपी के बड़े नेता, मंत्री शामिल
परिवहन विभाग के पूर्व आरक्षक सौरभ शर्मा मामले को लेकर पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह ने आरोप लगाया कि इसमें बीजेपी के बड़े नेता और मंत्री शामिल हैं।
विधानसभा की कार्यवाही शुरू होने से पहले कांग्रेस विधायकों का प्रदर्शन
विधानसभा की कार्यवाही शुरू होने से पहले कांग्रेस विधायकों ने थाली लेकर प्रदर्शन किया। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंगर ने कहा कि सरकार के बजट में आम जनता को कुछ भी नहीं मिला है। यह ख्याली पुलाव वाली सरकार है, जिसने हर वर्ग के साथ धोखा और छलावा किया है।





