BJP में नवीन युग… नितिन ने सम्हाला कार्यभार
मैं कार्यकर्ता और नितिन नवीन मेरे बॉस: मोदी

नई दिल्ली। भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन ने आज आधिकारिक तौर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष का पद सम्हाल लिया। भाजपा मुख्यालय के मंच से पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के तौर पर नितिन नवीन के नाम का आधिकारिक ऐलान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में किया गया। पीएम मोदी ने नितिन नवीन को भाजपा अध्यक्ष के तौर पर पदभार संभालने के लिए शुभकामनाएं दी और उन्हें पुष्पमाला पहनाई। भाजपा मुख्यालय में नवनिर्वाचित अध्यक्ष नितिन नबीन के साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह पूर्व भाजपा अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा आदि मौजूद रहे। पीएम मोदी ने नितिन नवीन को शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर पीएम मोदी ने कहा कि नितिन नवीन को दुनिया के सबसे बड़े राजनीतिक दल का राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने पर बधाई देता हूं। पीएम मोदी ने कहा कि भाजपा का ये संगठन पर्व देश के कार्यकर्ता केंद्रित सोच का प्रतीक है। पीएम मोदी ने कहा, हमारा नेतृत्व परंपरा से चलता है, अनुभव से समृद्ध होता है और जनसेवा-राष्ट्रसेवा के भाव से संगठन को आगे बढ़ाता है। हमने शून्य से शिखर तक का सफर देखा है। पीएम मोदी ने भाजपा के सभी पूर्व अध्यक्षों का अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि आज भाजपा का जितना फोकस संगठन के विस्तार पर है, उतना ही कार्यकर्ता के निर्माण पर भी है। पीएम मोदी ने कहा भाजपा ऐसी पार्टी है, जहां लोगों को लगता होगा कि मोदीजी इतनी छोटी उम्र में मुख्यमंत्री बन गए। हेड ऑफ द गवर्नमेंट बन गए हैं। इन सबसे बड़ी चीज है कि मैं भाजपा का कार्यकर्ता हूं। मैं मानता हूं कि नितिनजी मेरे बॉस हैं, मैं कार्यकर्ता हूं।
एनडीए को भी संभालना है
पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा, नितिन नवीन को केवल भाजपा ही नहीं, एनडीए के घटक दलों से भी समन्वय बनाना है। नितिन ने खुद को साबित किया है।’ पीएम मोदी ने कहा कि आने वाले 25 वर्ष बहुत महत्वपूर्ण हैं। आने वाले वर्षों में विकसित भारत का निर्माण होना है और यह तय है। पीएम मोदी ने कहा कि नितिन नवीन मिलेनियल हैं।
पीएम मोदी से सीखा जनभावना से जुडऩे का पाठ: नितिन
नितिन नबीन ने अपने संबोधन में कहा कि हमने कार्यकर्ता के तौर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के देशसेवा के काम करते हुए देखा। उन्होंने कहा कि आपको देख कर ही सीखा है कि जो व्यक्ति खुद को लोगों की भावनाओं से जुडऩे वाला बना सकता है, वही बड़ा शख्स बनता है। उन्होंने पीएम मोदी के साथ एक कार्यक्रम में बातचीत का जिक्र करते हुए कहा, ‘मुझे याद है कि जब मैंने पहली बार गुजरात के आनंद में आपके साथ एक कार्यक्रम में भाग लिया था। उस वक्त मैं राष्ट्रीय महासचिव था और मैंने सद्भावना मिशन कार्यक्रम के दौरान आपको प्रत्येक व्यक्ति की बात ध्यान से सुनते हुए देखा था। कार्यक्रम खत्म होने के बाद, जब आपने अपने ग्रीन रूम में हमसे बात की तो आपने बड़ी भावुकता से समझाया कि गुजरात से इतने सारे लोग क्यों आए थे। उस दिन मुझे समझ आया कि एक व्यक्ति तभी महान बनता है, जब वह जनता की भावनाओं से जुड़ता है।’ उन्होंने कहा कि हम राष्ट्र प्रथम के नारे से आगे चलते हैं। भाजपा में राजनीति पदभार नहीं, उत्तरदायित्व है। भाजपा अगर आज विश्व की सबसे बड़ी पार्टी बनी है तो प्रेरणादायी नेतृत्व, विचारधारा और कार्यकर्ता हैं।
वरिष्ठ नेताओं ने दी शुभकामनाएं
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, रक्षामंत्री राजनाथ ङ्क्षसह, सडक़ परिवहन मंत्री नितिन गडकरी, पूर्व भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने नितिन नवीन को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के तौर पर नितिन नवीन पदभार संभाल रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह महान पार्टी, जिसे श्यामा प्रसाद मुखर्जी के नेतृत्व में जनसंघ के तौर पर आगे बढऩे का सौभाग्य मिला। इसी को आगे अटल बिहारी वाजपेयी, लालकृष्ण आडवाणी, कुशाभाऊ ठाकरे ने भाजपा के तौर पर आगे बढ़ाया। आज बहुत ही ऐतिहासिक अवसर है, जब दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में हमारे नौजवान, ऊर्जावान, प्रतिभावान नितिन नबीन ये पदभार संभाल रहे हैं।
मध्यप्रदेश के नेताओं ने दी शुभकामनाएं
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुुक्ल एवं जगदीश देवड़ा, पंचायत मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल, कैलाश विजयवर्गीय, खाद्यमंत्री गोविंद राजपूत, मंत्री तुलसी सिलावट, चेतन काश्यप आदि ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष नितिन नबीन को शुभकामनाएं दी हैं। साथ ही कहा है कि पार्टी में युवा अध्यक्ष को कमान देकर नए युग की शुरुआत कर दी है।
मंदिर और गुरूद्वारे में मत्था टेका
इससे पहले नबीन दिल्ली में भगवान वाल्मीकि मंदिर, गुरुद्वारा बंगला साहिब और झंडेवाला मंदिर गए और माथा टेका। 45 साल के नबीन पार्टी के सबसे युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष बन गए हैं। उनसे पहले अमित शाह 49 साल की उम्र में पार्टी के नेशनल प्रेसिडेंट चुने गए थे। भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन को केंद्र सरकार ने जेड श्रेणी की सुरक्षा दे दी है। यह ऐलान मंगलवार सुबह उनके कार्यभार संभालने के पहले किया गया।






