सोहागपुर। आज मंगलवार सुबह लगभग 8:30 बजे बीट लगदा में गश्ती के दौरान सुरक्षा श्रमिक को एक नर बाघ मृत अवस्था में दिखाई दिया। सूचना मिलते ही परिक्षेत्र सहायक एवं परिक्षेत्र अधिकारी राहुल उपाध्याय मौके पर पहुंचे और निरीक्षण किया। तत्पश्चात, होशंगाबाद से डॉग स्क्वॉड, सतपुड़ा टाइगर रिजर्व नर्मदापुरम की उपसंचालक ऋषीभा नेताम, वन्यप्राणी चिकित्सक डॉ. गुरुदत्त शर्मा तथा मुख्य वनसंरक्षक अशोक चौहान सहित टीम मौके पर पहुंची।
निरीक्षण के दौरान किसी प्रकार की अवैध गतिविधि के प्रमाण नहीं मिले। बाघ सुरक्षित अंगों सहित मृत अवस्था में पाया गया। वन्यप्राणी चिकित्सक ने बाघ का पोस्टमार्टम किया, जिसमें फॉरेंसिक जांच हेतु आवश्यक अवयव सीलबंद किए गए। प्रथम दृष्टया मृत्यु का कारण अन्य बाघ से आपसी संघर्ष माना गया है। मृत बाघ की गर्दन पर केनाइन दांतों के निशान स्पष्ट पाए गए।
मृत बाघ उम्रदराज था, उसके केनाइन दांत घिस चुके थे और उसकी उम्र लगभग 13 वर्ष आंकी गई। पोस्टमार्टम उपरांत मुख्य वनसंरक्षक अशोक चौहान, उपसंचालक ऋषीभा नेताम, वन्यप्राणी चिकित्सक, परिक्षेत्राधिकारी राहुल उपाध्याय, तहसीलदार प्रतिनिधि सोहागपुर एवं एनटीसीए प्रतिनिधि की मौजूदगी में बाघ का दाह संस्कार किया गया
