MP : पैर रखते ही उखड़ी नई बनी सड़क तो भड़क गईं मंत्री प्रतिमा बागरी, सतना में कहा- घटिया निर्माण- लापरवाही बर्दाश्त नहीं, ठेकेदार का कॉन्ट्रैक्ट रद्द

सतना. जिले के रैगांव विधानसभा क्षेत्र के दौरे पर निकलीं नगरीय विकास एवं आवास राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी ने रविवार शाम लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) द्वारा निर्मित एक सड़क की खराब गुणवत्ता पर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने तत्काल ठेकेदार का अनुबंध रद्द करने और निर्माण एजेंसी पर कार्रवाई के निर्देश दिए।

यह घटना कोठी तहसील के पोड़ी-मनकहरी मार्ग पर हुई, जिसका हाल ही में नवीनीकरण किया गया था। निरीक्षण के दौरान, जब राज्यमंत्री ने सड़क पर पैर रखा तो उसका एक हिस्सा आसानी से अलग हो गया, जिससे निर्माण कार्य में गंभीर अनियमितताएं सामने आईं।

screenshot 20251221 2002462447308868906891345

कई स्थानों पर सड़क उखड़ती दिखी
बताया गया कि लगभग 3 किलोमीटर लंबी इस सड़क के नवीनीकरण के नाम पर केवल खानापूर्ति की जा रही थी। सड़क पर बिछाई गई डामर की परत न तो निर्धारित मोटाई की थी और न ही गुणवत्ता मानकों पर खरी उतर रही थी। कई स्थानों पर सड़क उखड़ती हुई दिखी, जिससे घटिया सामग्री के उपयोग का पता चला।

निरीक्षण के दौरान, जब मंत्री प्रतिमा बागरी ने कार्यपालन यंत्री बी.आर. सिंह से जवाब मांगा, तो उन्होंने मामले को कमतर आंकने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि “कुछ हिस्सों को अस्वीकृत किया गया है,” लेकिन मौके पर स्थिति यह दर्शा रही थी कि पूरी सड़क ही मानकों के विपरीत बनी थी। मंत्री ने मौके पर ही इसे गंभीर लापरवाही बताया।

अफसरों को फटकार लगाई, समझौता बर्दाश्त नहीं
राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी ने तत्काल ठेकेदार का अनुबंध निरस्त करने के निर्देश दिए और कार्यपालन यंत्री को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकारी निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से कोई समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। साथ ही, उन्होंने पूरे मामले की विस्तृत जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों और ठेकेदार पर सख्त कार्रवाई के संकेत दिए।

screenshot 20251221 2002574478761250198735637

Sanjay Saxena

BSc. बायोलॉजी और समाजशास्त्र से एमए, 1985 से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय , मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के दैनिक अखबारों में रिपोर्टर और संपादक के रूप में कार्य कर रहे हैं। आरटीआई, पर्यावरण, आर्थिक सामाजिक, स्वास्थ्य, योग, जैसे विषयों पर लेखन। राजनीतिक समाचार और राजनीतिक विश्लेषण , समीक्षा, चुनाव विश्लेषण, पॉलिटिकल कंसल्टेंसी में विशेषज्ञता। समाज सेवा में रुचि। लोकहित की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना और उस जानकारी को समाचार के रूप प्रस्तुत करना। वर्तमान में डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े। राजनीतिक सूचनाओं में रुचि और संदर्भ रखने के सतत प्रयास।

Related Articles